Ghatsila News: टेंपो में 12 बच्चों को बैठाकर ले जाते चालक को बीडीओ की लगी फटकार
Ghatsila News: घाटशिला थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन और पुलिस ने सतर्कता बरती है। बीडीओ ने वाहनों की जांच की और ओवरलोड टेम्पो को रोका, जिसमें निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चे थे। उन्होंने टेम्पो चालकों को चेतावनी दी और कहा कि नियमों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई की जाएगी।

Ghatsila News: घाटशिला, संवाददाता। घाटशिला थाना क्षेत्र में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर प्रशासन और पुलिस सतर्क हो गए हैं। इसी क्रम में गुरुवार को बीडीओ ने प्रखंड मुख्यालय के सामने वाहनों की जांच की। इस दौरान स्कूल से बच्चों को घर छोड़ने जा रहे एक ओवरलोड टेंपो को रोककर जांच की गई। टेंपो में निर्धारित क्षमता से काफी अधिक बच्चे बैठे पाए गए। जिस टेंपो में छह से सात बच्चों को ले जाने की क्षमता है, उसमें 10 से 12 बच्चों को बैठाकर ले जाया जा रहा था।
वाहनों की जांच
बीडीओ ने कई टेंपो चालकों को रोककर जांच की और क्षमता से अधिक बच्चों को नहीं बैठाने की सख्त चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि दोबारा ओवरलोडिंग करते पकड़े जाने पर किसी भी हाल में वाहन को नहीं छोड़ा जाएगा। इसके अलावा ट्रिपल लोडिंग कर जा रहे स्कूल व कॉलेज के कई विद्यार्थियों को भी रोककर यातायात नियमों की जानकारी दी गई और भविष्य में नियमों का उल्लंघन नहीं करने की हिदायत दी।
सुरक्षा के उपाय
बीडीओ यूनिका शर्मा ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों को भी अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। पैसे बचाने के चक्कर में बच्चों की जान जोखिम में डालना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि घाटशिला में अब लगातार वाहन जांच अभियान चलाया जाएगा और ओवरलोडिंग समेत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।

