
आजादी के 78 वर्षों बाद भी कोलाबाड़िया गांव की सड़कें बदहाल
डुमरिया के धोलाबेड़ा पंचायत के भूलागोड़ा गांव में आजादी के 78 साल बाद भी सड़क की स्थिति बेहद खराब है। ग्रामीणों ने कई बार आंदोलन किया, लेकिन कोई असर नहीं हुआ। चुनाव के समय वादे तो किए गए, लेकिन अब ग्रामीणों ने सड़क निर्माण के लिए फिर से आंदोलन की योजना बनाई है।
डुमरिया, संवाददाता। पूर्वी सिंहभूम जिला अंतर्गत ओडिशा-झारखंड सीमाना पर बसे धोलाबेड़ा पंचायत के कोलाबाड़िया गांव के भूलागोड़ा सहित कई टोलों में सड़क की स्थिति आजादी के 78 साल बाद भी खस्ताहाल में है, जिसके कारण ग्रामीणों को इस सड़क पर चलने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण को लेकर ग्रामीणों ने कई बार आंदोलन किया, ब्लॉक पर धरना प्रर्दशन किया, लेकिन इसका भी कोई असर जनप्रतिनिधियों पर नहीं हुआ। थक-हार कर ग्रामीणों ने सड़क का निर्माण भगवान भरोसे छोड़ दिया है। ग्रामीणों ने कहा कि चुनाव के समय सड़क निर्माण को लेकर बड़ी-बड़ी बातें की गयी थीं, लेकिन चुनाव समाप्त होते ही यह महत्वपूर्ण समस्या ठंडे बस्ते में चली गयी।
लेकिन ग्रामीण अब चुप बैठने वाले नहीं है, और धान कटनी के बाद सड़क निर्माण को लेकर जोरदार तरीके से आंदोलन की रणनीति बनायी जायेगी। सड़क कम गड्ढे ज्यादा बन गए ग्रामीणों के अनुसार, भूलागोड़ा गांव में आजादी के बाद से आज तक सड़क का निर्माण ही नहीं किया गया है। इस संबंध में कोलाबाड़िया गांव के भूलागोड़ा टोला कांदना मुर्मू एवं बुधराम समेत अन्य ने लोगों ने बताया की इस क्षेत्र के कई टोलों में आजादी के 78 वर्षों के बाद भी सड़क का निर्माण नहीं किया गया है। गांव में जो भी सड़क हैं, उसमें सड़क कम और गड्डे ज्यादा हैं। इतना ही नहीं सड़क पर बड़े-बड़े पत्थर उभर आये हैं, जिसके कारण वाहन लेकर गुजरने वाले लोग लगातार दुर्घटना के शिकार होकर घायल हो जाते हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




