ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंड घाटशिलाचाकुलिया में जनता दरबार में पदाधिकारियों की खामियां उजागर

चाकुलिया में जनता दरबार में पदाधिकारियों की खामियां उजागर

चाकुलिया प्रखंड स्थित सिमदी पंचायत भवन में सोमवार को जनता दरबार आयोजित हुआ। जनता दरबार में प्रशासनिक पदाधिकारियों की कई खामियां उजागर हुई। जनता दरबार में प्रखंड विकास पदाधिकारी किसी कारणवश शामिल नहीं...

चाकुलिया में जनता दरबार में पदाधिकारियों की खामियां उजागर
हिन्दुस्तान टीम,घाटशिलाTue, 06 Nov 2018 04:54 PM
ऐप पर पढ़ें

चाकुलिया प्रखंड स्थित सिमदी पंचायत भवन में सोमवार को जनता दरबार आयोजित हुआ। जनता दरबार में प्रशासनिक पदाधिकारियों की कई खामियां उजागर हुई। जनता दरबार में प्रखंड विकास पदाधिकारी किसी कारणवश शामिल नहीं हो सके तो अंचलाधिकारी प्रीति केरकेट्टा जनता दरबार कार्यक्रम को बीच में ही छोड़ वापस लौट आई। इससे पंचायत प्रतिनिधियों में नाराजगी देखने को मिली। छह पंचायतों सिमदी, चालुनिया, बिरदोह, कुचियाशोली, बेंद एवं जुगीतोपा पंचायत के लोगों के लिए जनता दरबार आयोजित किया गया था। धान कटनी तथा त्योहारों के मौसम के कारण कार्यक्रम में अपेक्षाकृत कम लोग शामिल हो सके। बेंद एवं जुगीतोपा पंचायत पूरी तरह से अछूता रहा। इस कार्यक्रम में दोनों पंचायतों के ना तो जनप्रतिनिधि पहुंचे और ना ही ग्रामीण। इसके अलावे 4 पंचायतों के भी सभी जनप्रतिनिधि जनता दरबार में शामिल नहीं हुए। कुछ का कहना था कि उन्हें कार्यक्रम की सही जानकारी ही नहीं थी। 13 लाभुकों को मिला उज्ज्वला योजना का लाभ : जैसे तैसे सिमदी पंचायत भवन में जनता दरबार संपन्न हुआ। इस दौरान 13 लाभुकों को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना का लाभ मिला। जिन्हें चांदनी इंडेन गैस एजेंसी द्वारा गैस सिलेंडर एवं चूल्हा दिया गया। तरुलता बाला नायक, सुखी सोरेन, अहिल्ला नायक ,छुटू महाली ,सुहागी बास्के,रेणुदासी नायक,अमला मुर्मु , अंजना कर्मकार, बिनापानी नायक, मालती मुर्मू ,सुमत्रिा नायक, कापरा मंडी , बासमती महतो को गैस सिलेंडर एवं चूल्हा दिया गया। प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी अरुण कुमार सिंह ने जनता दरबार में उपस्थित लोगों को जानकारी देते हुए बताया कि 1 अक्टूबर से 31 दिसंबर तक पशुगणना की जाएगी। प्रत्येक 5 साल में होने वाले इस पशु गणना के लिए 19 प्रगणकों का चयन किया गया है। जिसमें चौपाया पालतू पशु वर्ग में गाय, भैंस, बकरी, भेड़, कुत्ता, सूअर आदि एवं पक्षी वर्ग में बत्तख एवं मुर्गी की गणना की जाएगी। जनता दरबार में स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया गया। जिसमें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से चिकत्सिक डॉ. विशाल कुमार, सुनील टुडू, डमन चंद्र महतो, राजेंद्र महतो, रामचंद्र टुडू एवं अरुण दास शामिल हुए। इनकी उपस्थिति में लगभग 100 मरीजों का इलाज कर उन्हें आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई गई। तीन वर्षों से बैंक ऑफ इंडिया द्वारा नहीं दी जा रही मेच्योरिटी राशि : जनता दरबार में बेंद स्थित बैंक ऑफ इंडिया का शिकायत भी पहुंचा। परंतु पदाधिकारियों के अनुपस्थित रहने के कारण इस मामले का निपटारा नहीं हो सका। सिमदी के पंचायत समिति सदस्य कौशिक महतो ने बताया कि गोपाल महतो ने बेंद स्थित बैंक ऑफ इंडिया के शाखा में वर्ष 2011 के मार्च महीने में 5 हजार रुपये फिक्स डिपॉजिट की थी। वर्ष 2015 में इस राशि की मैच्योरिटी सात हजार एक सौ तेईस रुपए हो गई है। पिछले 3 वर्षों से बैंक के शाखा प्रबंधक द्वारा गोपाल महतो को परेशान किया जा रहा है और उसके पैसे का भुगतान नहीं किया जा रहा है। इस मामले को लेकर गोपाल महतो जनता दरबार में पहुंचे थे। परंतु अधिकारियों के उपस्थित नहीं रहने के कारण यह मामला नहीं सुलझ सका।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें