कर्मियों को हटाए जाने के विरोध में फूटा 18 गांव के लोगों का गुस्सा, गेट जाम की चेतावनी
जादूगोड़ा के तुरामडीह गांव में 18 गांवों के ग्रामीणों ने यूसील की यूरेनियम प्रोजेक्ट में विस्थापित ठेका कर्मियों को हटाने के विरोध में बैठक की। झामुमो नेता बाघराय मार्डी ने चेतावनी दी कि यदि दो दिनों में विस्थापितों को काम पर नहीं लिया गया, तो माइंस गेट जाम किया जाएगा।

जादूगोड़ा, संवाददाता। यूसील की तुरामडीह यूरेनियम प्रोजेक्ट में 10 विस्थापित एवं प्रभावित ठेका कर्मियों को हटाए जाने के विरोध में मंगलवार को तुरामडीह गांव में 18 गांवों के ग्रामीणों की बैठक हुई। जिसकी अगुवाई झामुमो जिला मुख्य संयोजक बाघराय मार्डी, सामाजिक कार्यकर्ता सौमाय टुडू, छोटे सोरेन, झानू दिग्गी और मंगल सोरेन ने की। बैठक में ग्रामीणों ने विस्थापितों की अनदेखी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे झामुमो नेता बाघराय मार्डी ने यूसील प्रबंधन को चेतावनी देते हुए कहा कि दो दिनों के भीतर विस्थापित ठेका कर्मियों को पुनः काम पर नहीं लिया गया तो माइंस गेट जाम किया जाएगा।वहीं,
ग्रामीण झानू दिग्गी ने कहा कि जिन ग्रामीणों की जमीन पर प्लांट स्थापित है, उन्हीं के परिवारों को रोजगार से वंचित किया जा रहा है। गांव की झांनू देवी ने कहा कि तुरामडीह यूरेनियम प्रोजेक्ट के लिए केरूआ, डुगरी पुड़ीहासा, बयांगबिल पंचायत समेत तुरामडीह, नंदूप और तालसा गांव के ग्रामीणों ने अपनी जमीन दी है, लेकिन विस्थापितों की अनदेखी की जाती है।इधर झामुमो नेता बाघराय मार्डी ने यूसील प्रबंधन को दो दिनों की मोहलत देते हुए मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


