पढ़ाई व आवासीय व्यवस्था में सुधार लाएं : विधायक

Feb 14, 2026 02:42 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, घाटशिला
share

पोटका विधायक संजीव सरदार ने एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रों से पढ़ाई और आवासीय सुविधाओं की जानकारी ली। उपस्थिति पंजिका की जांच में 20 छात्र अनुपस्थित पाए गए। विधायक ने शिक्षकों को गुणवत्ता सुधारने और नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पढ़ाई व आवासीय व्यवस्था में सुधार लाएं : विधायक

पोटका, संवाददाता। पोटका विधायक संजीव सरदार ने शुक्रवार को प्रखंड के मंगलासाई स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की विभिन्न कक्षाओं में जाकर छात्रों से पठन-पाठन एवं आवासीय सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही विद्यार्थियों से शिक्षा से जुड़े सवाल-जवाब भी किए। जवाबों से विधायक पूरी तरह संतुष्ट नहीं दिखे और शिक्षकों को पढ़ाई की गुणवत्ता में सुधार लाने का स्पष्ट निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान विधायक ने छात्रों की उपस्थिति पंजिका की भी जांच की। जांच में पाया गया कि कक्षा 6 से 8 तक कुल 124 छात्र पंजीकृत हैं, जिनमें से केवल 104 छात्र उपस्थित थे, जबकि 20 छात्र अनुपस्थित पाए गए।

इस पर विधायक ने विद्यालय प्रबंधन से जवाब-तलब करते हुए नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवासीय विद्यालयों में अनुशासन और नियमित उपस्थिति अत्यंत आवश्यक है। निरीक्षण के उपरांत विधायक ने कहा कि सरकार ग्रामीण छात्रों के हित में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय का संचालन कर रही है, ताकि उन्हें बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। उन्होंने शिक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि पढ़ाई के स्तर में सुधार लाएं और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर ध्यान दें। विधायक ने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और विद्यालय में सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने की दिशा में निरंतर प्रयास जारी रहेंगे। विद्यालय के प्राचार्य दुलार चन्द्र साव ने विधायक को स्टाफ एवं सफाई कर्मचारियों की कमी के साथ-साथ क्षेत्र में प्रदूषण की समस्या से अवगत कराया।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।