
बाहरियों को रोजगार में दी जा रही प्राथमिकता, होगा गेट जाम : मुखिया
जादूगोड़ा के यूसील भाटीन माइंस में एमएफबी जियोटेक कंपनी द्वारा पिछले दो वर्षों से काम किया जा रहा है। मजदूरों को वेतन के लिए हड़ताल करनी पड़ी है। पंचायत मुखिया ने कहा कि स्थानीय लोगों को रोजगार नहीं मिल रहा और बाहरी लोगों को प्राथमिकता दी जा रही है। अगर स्थिति नहीं सुधरी, तो ग्रामीण विरोध करेंगे।
जादूगोड़ा, संवाददाता। यूसील भाटीन माइंस का संचालन आउटसोर्सिंग ठेका कंपनी एमएफबी जियोटेक की ओर से पिछले दो वर्षों से किया जा रहा है, जबकि इन दो वर्षों के कार्यकाल में मजदूरों को वेतन के लिये कई बार हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ा है। उक्त बातें भाटीन पंचायत के मुखिया श्रीराम सोरेन ने कही हैं। उन्होंने कहा कि ठेका कंपनी द्वारा पंचायत के बाहर से अधिक मात्रा में लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। जिसपर प्रबंधन भी चुप्पी साधे है। हालांकि, कंपनी में ठेका कंपनी को काम देने से पूर्व यह समझौता हुआ था कि रोजगार में स्थानीय लोगों को रोजगार में प्राथमिकता दी जाएगी।
लेकिन अब इसके विपरीत ही कार्य चल रहा है। ठेका कंपनी द्वारा स्थानीय को दरकिनार कर बाहरियों को रोजगार में प्राथमिकता दी जा रही है। मुखिया ने कहा कि ठेका कंपनी द्वारा क्षेत्र में अबतक सीएसआर के अंतर्गत कुछ भी काम नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा क यदि समय रहते भाटीन पंचायत के लोगों को रोजगार में प्राथमिकता नहीं मिली तो ग्रामीणों संग गेट जाम करने को विवश होंगे। कहा कि अबतक ठेका मजदूरों के लिए कैंटीन की भी व्यवस्था नहीं की गयी है, जिससे की मजदूरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




