कुचाशोली शौचालय नहीं, खुले में शौच करने को 18 परिवार विवश
चाकुलिया प्रखंड की जमुआ पंचायत के हरीनिया गांव के कुचाशोली टोला में कोई शौचालय नहीं है। 18 परिवार खुले में शौच करने को मजबूर हैं। स्वच्छता अभियान के तहत भी यहां शौचालय का निर्माण नहीं हुआ। मुखिया ने कहा कि वे शौचालय निर्माण के लिए प्रयास करेंगी।

चाकुलिया, संवाददाता। चाकुलिया प्रखंड की जमुआ पंचायत के हरीनिया गांव के संताल बहुल कुचाशोली टोला में एक भी शौचालय नहीं है। टोला के किसी भी ग्रामीण के घर में निजी स्तर पर भी शौचालय का निर्माण नहीं हुआ है। ऐसे में इस टोला के 18 परिवार खेतों और पोलपोला खाल के किनारे खुले में शौच करने के लिए मजबूर हैं। शौचालय नहीं होने से महिलाओं को परेशानी उठानी पड़ती हैं। स्वच्छता अभियान के दौर में भी पदाधिकारियों की लापरवाही से इस टोला में एक भी शौचालय का निर्माण नहीं हुआ। करीब 20 वर्ष पूर्व इस टोला में शौचालय स्वीकृत हुए थे। लेकिन शौचालयों का निर्माण पूरा नहीं हुआ। संबंधित एजेंसी ने शौचालयों का निर्माण अधूरा छोड़ दिया。
बरसात के समय होती है अधिक दिक्कत
स्वच्छ भारत अभियान के दौरान गांवों में शौचालय निर्माण का दौर शुरू हुआ। मगर यह टोला इससे वंचित रहा। टोला निवासी चंदू हांसदा, बबलू हांसदा ने बताया कि शौचालय के अभाव में टोला के सभी परिवार खुले में शौच करते हैं। बरसात में और धान की खेती के समय ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि टोला के सभी परिवार गरीब हैं। निजी स्तर से शौचालय बनवाना संभव नहीं है।
शौचालय निर्माण के लिए होगा प्रयास : मुखिया
जमुआ पंचायत की मुखिया फुलमनी मुर्मू ने कहा कि कुचाशोली टोला में एक भी शौचालय नहीं है। इस टोला में पेयजल के लिए एक जलमीनार की स्थापना हुई है। टोला में शौचालय निर्माण के लिए भी वे प्रयास करेंगी।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


