मुसाबनी मुख्य बस पड़ाव के पांच शौचालय बदहाल, भटक रहे यात्री

Jan 07, 2026 06:46 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, घाटशिला
share Share
Follow Us on

साबनी मुख्य बस पड़ाव के आसपास बने पांच शौचालय जर्जर होने के साथ पड़े हैं बंद 0 यात्री व दुकानदार हैं परेशान, लगा है हर तरफ गंदगी का अंबार मुसाबनी

मुसाबनी मुख्य बस पड़ाव के पांच शौचालय बदहाल, भटक रहे यात्री

मुसाबनी, संवाददाता। प्रखंड की उत्तरी बादिया पंचायत अंतर्गत पड़ने वाला मुसाबनी का अंतरराज्यीय बस पड़ाव है। यहां से प्रत्येक दिन सैकड़ों बस व छोटे-बड़े यात्री वाहन छूटते हैं, और आते हैं, जो यहां से ओडिशा, बंगाल, रांची, जमशेदपुर, घाटशिला तक आते-जाते हैं। इसलिए यह बस पड़ाव हर समय सैकड़ों यात्रियों से गुलजार रहता है। लेकिन यहां गंभीर विषय है कि इतनी अधिक तादाद में यात्रियों के आना-जाना के बीच सुविधा का अभाव है। इस बस पड़ाव की सबसे बड़ी परेशानी 5 शौचालय आसपास बने होने के बावजूद लोगों को शौच जाने के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है। खासकर यहां महिला यात्री सबसे ज्यादा परेशान होती हैं, क्योंकि यह सभी शौचालय या तो बंद पड़े हैं या काफी जर्जर अवस्था में हैं।

बता दें कि यहां पूर्व विधायक लक्ष्मण टुडू द्वारा एक शौचालय का निर्माण कराया गया था, जो वर्षों तक बंद था, लेकिन अब वह जर्जर हो चुका है। उसमें समुचित पानी की व्यवस्था भी नहीं है, जिसके कारण उसका इस्तेमाल यात्री नहीं कर पाते हैं। वहीं, कई वर्ष पूर्व मुसाबनी बस पड़ाव का निर्माण हुआ था, उस समय यहां विभाग द्वारा शौचालय का भी निर्माण कराया गया था। लेकिन आज तक वह शौचालय खुल ही नहीं सका, उस पर ताला लटक रहा है। क्या कारण है यह बताने वाला कोई नहीं है। यूसील ने बनवाये थे तीन शौचालय बस पड़ाव पर ही पूर्व जिला पार्षद बुद्धेश्वर मुर्मू के प्रयासों से यूसीआईएल द्वारा 3 शौचालय का निर्माण अपने सीएसआर कार्यक्रम के तहत कराया गया था। जिसका रखरखाव काफी दिनों तक किया गया, परंतु अब तो वह इतना जर्जर हो चुका है कि इस्तेमाल करने लायक ही नहीं बचा। जिसके कारण यात्रियों व आसपास की दुकानदारों को शौच के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इससे, मजबूरीवश शौचालय के अभाव में लोग यहां वहां शौच कर गंदगी फैलाते हैं। सरकारी दाल भारत योजना के पास गंदगी मुसाबनी नंबर 3 बस स्टैंड परिसर में ही सरकारी दाल भारत योजना चलती है, परंतु इसके आसपास गंदगी का अंबार लगा रहता है। इस ओर जनप्रतिनिधि या स्थानीय प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया। इसके साथ ही आम लोगों का भी दायित्व बनता है कि शौचालय की साफ-सफाई का वह ध्यान रखें। परंतु कारण जो भी हो शौचालय नहीं होने के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ----------------------------- क्या कहते हैं लोग बस पड़ाव के आसपास कई शौचालय हैं, परंतु सब बंद एवं जर्जर अवस्था में हैं। दिनभर लोग परेशान रहते हैं और शौचालय का पता पूछते हैं। शौचालय नहीं होने के कारण महिलाएं विशेष कर परेशान रहती हैं। सोनू शर्मा, सैलुन संचालक। वर्षों से सभी शौचालय बेकार पड़े हुए हैं, किसी नेता या अधिकारी को इस ओर ध्यान देने का शायद समय नहीं है। परंतु इसका दंश यहां आने जाने वाले यात्रियों और महिलाओं को उठाना पड़ता है, शौचालय नहीं होने के कारण हर तरफ काफी गंदगी भी फैली रहती है बदबू आती है प्रशासन को इस ओर जरूर ध्यान देना चाहिए। तपन कुंडू , स्थानीय निवासी। यहां बस पड़ाव पर शौचालय की स्थिति काफी दयनीय है, कई शौचालय है परंतु एक भी उपयोग की स्थिति में नहीं है। जिसके कारण लोग आसपास शौच करते हैं, यहां दाल भात योजना में भोजन करने आने वाले लोगों को काफी परेशानी होती है। हम लोगों के द्वारा आसपास सफाई कराई जाती है, परंतु रात के समय लोग यहां गंदगी फैला देते हैं। - दिनेश मुर्मू , दाल भात योजना के संचालक। यहां शौचालय होने के बाद भी हम लोगों को बाहर शौच के लिए छुपकर जाना पड़ता है। बहुत खराब लगता है। इतना शौचालय बनाने की क्या जरूरत थी, एक शौचालय अच्छा और सुंदर सा बनाना चाहिए, जिसे सब उपयोग कर सकें। मोगली किस्कू , होटल में काम करने वाली महिला। शौचालय जैसे सपना हो गया है, कई शौचालय जगह-जगह बने हुए हैं। लेकिन सब जर्जर अवस्था में हैं, या बंद पड़े हैं, जिसके कारण मजबूरी वश लोग खुले में शौच करते हैं, हर तरफ गंदगी व बदबू फैली रहती है। बस स्टैंड बाजार आने वाले महिला-पुरुष सभी लोगों को शौचालय नहीं होने के कारण काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। राजेश कुमार, दुकानदार। मेरे सामने ही सभी शौचालय का निर्माण हुआ है, कुछ शौचालय तो रखरखाव के अभाव में खराब हो गये, कुछ शौचालय पता नहीं क्यों अब तक चालू ही नहीं हो सके हैं। कुछ लोग कहते हैं कि पानी की सुविधा नहीं होने के कारण शौचालय सुचारू रूप से चालू नहीं हो पता है। लेकिन इसके कारण यहां आने जाने वाले यात्रियों और अन्य लोगों को भी बहुत परेशानी होती है। मुकरी, होटल संचालक। बस स्टैंड पर शौचालय की समस्या संज्ञान में मिली है। कर्मचारियों को निर्देश दिया कि 24 घंटे के अंदर बंद शौचालय एवं जर्जर शौचालय की जांच कर रिपोर्ट दें, और सुनिश्चित करें कि सभी शौचालय सुचारू रूप से चालू हो सकें। इसकी जानकारी मुझे नहीं थी, सभी शौचालय को जल्द ही चालू करने का प्रयास किया जाएगा। पवन कुमार, सीओ सह बीडीओ, मुसाबनी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;;