
समाज के उत्थान के लिए वार्षिक योजना पर बनी सहमति
मुसाबनी में महली समाज की बैठक आयोजित की गई, जिसमें सामाजिक, शैक्षणिक, आर्थिक एवं सांस्कृतिक विकास के लिए एनुअल एक्शन प्लान 2026 पर चर्चा की गई। बैठक में पारंपरिक स्वशासन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नए पदाधिकारियों को नियुक्त किया गया और आगामी पोनेत हेल मेल 2026 सम्मेलन के आयोजन की योजना बनाई गई।
मुसाबनी, संवाददाता। मुसाबनी नंबर 1 स्थित जिला परिषद डाक बंगला में तोरोप पारगाना सोबरा हेंब्रम की अध्यक्षता में महली समाज की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में आगामी वर्ष के लिए समाज के सामाजिक, शैक्षणिक, आर्थिक एवं सांस्कृतिक विकास को लेकर एनुअल एक्शन प्लान 2026 पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में झारखंड के विभिन्न प्रखंडों से आए समाज के प्रबुद्धजनों एवं पारंपरिक स्वशासन व्यवस्था से जुड़े पदाधिकारियों ने शिरकत किया। बैठक में पारम्परिक स्वशासन व्यवस्था की मजबूती पर भी चर्चा हुई, और सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि झारखंड पोनोत स्तर पर पोनोत माझी और पारगना काहू राम मार्डी और शामू बास्के की निष्क्रियता को देखते हुए उनके स्थान पर नंदलाल माहली को पोनोत पारगना, बुद्धेश्वर मार्डी को पोनोत माझी तथा देवनाथ बेसरा को पोनोत गोडेत के रूप में तैयारी समिति के कार्यकारी का दायित्व सौंपा गया।
बैठक में यह भी तय किया गया कि आगामी 21-22 मार्च 2026 को पोनेत हेल मेल 2026 (प्रांतीय सम्मेलन) का आयोजन किया जाएगा। फरवरी 2026 में सुझावों और समस्याओं को सूचीबद्ध कर समाधान की कार्ययोजना बनाई जाएगी तथा मार्च सम्मेलन में ठोस निर्णय लेकर उन्हें लागू किया जाएगा। शिक्षा के क्षेत्र में कोचिंग एवं पुस्तकालय व्यवस्था, रोजगार हेतु बांसकला व अन्य उत्पादों का प्रशिक्षण, युवाओं के लिए उद्यमिता विकास कार्यक्रम तथा सामाजिक-संवैधानिक जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। इस बैठक में जोग माझी झारखंड पोनोत शंकर सेन माहली, बासुदेव मार्डी, गौरांग बेसरा, सुरई बास्के, बुद्धेश्वर मुर्मू, दुगु माहली, देवनाथ बेसरा, मंगल माहली, सोमाय मार्डी सहित अनेक समाजसेवी उपस्थित रहे। सभी उपस्थित सदस्यों ने महली समाज के वर्तमान हालात, चुनौतियों और भविष्य की दिशा को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




