Ghatsila News: कुड़मी संस्कृति विकास समिति का रक्तदान शिविर कल
Ghatsila News: गालूडीह में स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पूर्व 14 अगस्त को महा रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। यह शिविर कुड़मी संस्कृति विकास समिति और नेताजी सुभाष जयंती समिति के सहयोग से होगा। आयोजक 500 यूनिट रक्त एकत्र करने का लक्ष्य रख रहे हैं और शिविर में ब्लड बैंक की टीम, डॉक्टर, स्वास्थ्य जांच आदि की व्यवस्था होगी।

Ghatsila News: गालूडीह। स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पूर्व 14 अगस्त शुक्रवार को गालूडीह के आंचलिक फुटबॉल मैदान में आयोजित होने वाले महा रक्तदान शिविर की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। शिविर का आयोजन कुड़मी संस्कृति विकास समिति, शाखा गालूडीह एवं नेताजी सुभाष जयंती समिति के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। सुभाष जयंती समिति के अध्यक्ष मानस दास ने बताया कि शिविर को सफल बनाने के लिए दोनों समितियों के कार्यकर्ता एक सप्ताह से प्रचार-प्रसार में जुटे हैं। गालूडीह, महुलिया, गुड़ाझोर, केशरपुर, सालबनी, खड़ीयाकोलोनी, हेंदलजुड़ी समेत 30 से अधिक गांवों में पोस्टर लगाए गए हैं। सोशल मीडिया एवं माइक प्रचार के माध्यम से युवाओं को रक्तदान के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
कुड़मी संस्कृति विकास समिति के राजेश महतो ने कहा कि रक्तदान कर जरूरतमंदों को जीवनदान देने का प्रयास है। आयोजकों ने 500 से अधिक यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य रखा है। शिविर में सुबह आठ बजे से ब्लड बैंक की टीम, चिकित्सक, स्वास्थ्य जांच, जलपान एवं महिलाओं के लिए अलग व्यवस्था रहेगी।


