ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंड घाटशिलालालू यादव को साजिश कर फंसाया : मरांडी

लालू यादव को साजिश कर फंसाया : मरांडी

राजद सुप्रीमो सह बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव को षडयंत्र के तहत फंसाया गया है। ट्रेजरी का मालिक डीसी होता है। डीसी के आदेश पर पैसों की निकासी होती है और डीसी के हस्ताक्षर से ही रिपोर्ट...

लालू यादव को साजिश कर फंसाया : मरांडी
हिन्दुस्तान टीम,घाटशिलाSat, 20 Jan 2018 02:00 AM
ऐप पर पढ़ें

राजद सुप्रीमो सह बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव को षडयंत्र के तहत फंसाया गया है। ट्रेजरी का मालिक डीसी होता है। डीसी के आदेश पर पैसों की निकासी होती है और डीसी के हस्ताक्षर से ही रिपोर्ट एजी को भेजी जाती है, ऐसे में मुख्यमंत्री कैसे जिम्मेदार हो गये? यह बातें झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री सह झाविमो सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी ने कहीं। वह चक्रधरपुर वनविश्रामागार में पत्रकारों से बात कर रहे थे।

कहा, वर्ष 1990-91 में चाईबासा की डीसी वर्तमान की मुख्य सचिव हैं। उन्हें इस मामले में 2003-17 तक कई बार नोटिस भेजा गया। लेकिन, उन्होंने कोई जवाब तक नहीं दिया।

मामले की सीबीआई जांच हो : मरांडी ने कहा कि नियम के मुताबिक अगर कोई सरकारी कर्मचारी या फिर अधिकारी तीन बार से अधिक पूछे जाने पर जवाब नहीं देता है तो उसे निलंबित का प्रावधान है। उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई होनी चाहिए लेकिन ऐसा नहीं हुआ। सरकार मामले में गड़बड़ी को देखते हुए सीबीआई जांच कराए।

तीनों अधिकारियों पर हैं गंभीर आरोप : मरांडी ने कहा कि विपक्षी दलों द्वारा जिन तीनों अधिकारियों को हटाने की मांग की जा रही है और तीनों के जिला मुख्यालयों पर पुतले जलाये जा रहे हैं, उनपर गंभीर आरोप हैं। मुख्य सचिव राजबाला वर्मा पर चारा घोटाला में संलिप्त होने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी अनुमति या फिर जानकारी के राशि निकासी होना असंभव है। वहीं, डीजीपी पर फर्जी मुठभेड़ में शामिल होने और मामले की जांच करने वाले अधिकारियों को धमकाने और जांच प्रभावित करने का आरोप लगाया। एडीजी अनुराग गुप्ता पर राज्यसभा चुनाव में गड़बड़ी का आरोप लगाया।

एडीजी पर कार्रवाई का है आदेश : कहा, चुनाव आयोग ने एडीजी पर कार्रवाई का आदेश दिया है, लेकिन सरकार लिपापोती में लगी है। कहा, अगर तीनों अधिकारियों पर सरकार कार्रवाई नहीं करती है तो पूरे प्रदेश के लोगों का कानून से भरोसा उठ जायेगा।

कॉरपोरेट घरानों की है सरकार : राज्य में गरीब, आदिवासियों और दलितों की नहीं बल्कि कॉरपोरेट घरानों की सरकार चल रही है। प्रदेश में सिर्फ भाषण और विज्ञापन पर विकास हो रहा है, जबकि जमीनी हकीकत कुछ और ही है। गरीबों को आज अपने बच्चों को शिक्षा देना मुश्किल हो गया है। अनाज नहीं मिल रहा है। भूख से लोगों की मौतें हो रही हैं। अस्पताल में डॉक्टर नहीं हैं।

राजा के परिजनों से मिले : मरांडी शुक्रवार दोपहर दो बजे चक्रधरपुर पहुंचे। सोनुवा मोड़ पर झाविमो नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद मरांडी सोनुवा मोड़ स्थित पार्क पहुंचे, जहां राजा अर्जुन सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद शहीद भगत सिंह और जेएलएन कॉलेज स्थित जग्गू दीवान की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। वहां से राजा अर्जुन सिंह के परिजनों से मिलने पहुंचे। उन्होंने राजा अर्जुन सिंह की पौत्रवधू सुषमा देवी और उनके बेटों से हालचाल पूछा। सुषमा देवी ने भी मरांडी को अपनी समस्याओं से अवगत कराया। मौके पर ही उन्होंने पार्टी फंड से आर्थिक मदद भी की। यहां से वनविश्रामागार पहुंचे और पत्रकारों से बातचीत व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करने के बाद चाईबासा रवाना हो गये।

ये थे मौजूद : इस दौरान झाविमो के जिला अध्यक्ष हेमंत कुमार सिंहदेव, व्रजमोहन मिश्रा, झारखंड आंदोलनकारी मंच के केंद्रीय सदस्य अनूप सिंहदेव, सोना राम लोवादा, गोपाल सिंहदेव, जय कुमार सिंहदेव, विभूदत्त महापात्रा, एमडी खलील सहित पड़ी संख्या में पार्टी के नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें