शिक्षकों की समस्याओं के समाधान को संघ तत्पर : साहू
बहरागोड़ा में झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ द्वारा सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि उत्तम कुमार साहू ने शिक्षकों के हितों की रक्षा का आश्वासन दिया। 20 सेवानिवृत्त शिक्षकों को माला पहनाकर और उपहार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

बहरागोड़ा, संवाददाता। बहरागोड़ा में स्थित नेताजी सुभाष शिशु उद्यान परिसर में रविवार को झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ, बहरागोड़ा एवं गुड़ाबांदा प्रखंड की ओर से सेवानिवृत्त शिक्षक सम्मान सह मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कोल्हान प्रमंडल के अध्यक्ष उत्तम कुमार साहू मुख्य अतिथि तथा विधायक प्रतिनिधि असित कुमार मिश्रा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात सभी अतिथियों को अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया गया। समारोह की अध्यक्षता सेवानिवृत्त शिक्षक जन्मेजय करण ने की। मुख्य अतिथि उत्तम कुमार साहू ने अपने संबोधन में कहा कि झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ हमेशा शिक्षकों के हितों के लिए कार्य करता है और उनकी हर समस्या के समाधान के लिए तत्पर रहता है।
उन्होंने कहा कि संघ द्वारा प्रत्येक वर्ष सेवानिवृत्त शिक्षकों को सम्मानित करने की परंपरा है, जिसे इस वर्ष भी निभाया गया। उन्होंने शिक्षकों से एकजुट रहने का आह्वान करते हुए कहा कि संगठन की ताकत से ही अपने अधिकारों की प्राप्ति संभव है। वहीं विशिष्ट अतिथि असित कुमार मिश्रा ने कहा कि शिक्षक कभी सेवानिवृत्त नहीं होते, समाज में उन्हें जीवनभर गुरु के रूप में सम्मान मिलता है। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यदि शिक्षकों की कोई भी समस्या है, तो उसे विधायक समीर महंती तक पहुंचाकर समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर कुल 20 सेवानिवृत्त शिक्षकों को माला पहनाकर एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मानित शिक्षकों में प्रमुख रूप से सरोज कुमार मंडल, अमित रंजन, वृंदावन मुंडा, नरेश कुमार माईती, राजीव के भोल, मनोहर राणा, मनोज कुमार सिंह, देवेंद्र नाथ सिंह, कृप्प वल्लभ साव, अमल कुमार महाकुड़, रविशंकर गिरि, पिंटू सिंह, बादल कुमार साव, अशिम कुमार नायक, बंकिम चंद नायक सहित अन्य शामिल रहे। कार्यक्रम में सुनील मुर्मू, रुद्र प्रताप सेट, अनुपम भगत, रविंद्र मुर्मू, सुधांशु शेखर बेरा, सत्येन कुमार माईती, जयंत कुमार घोष, पुलिन बिहारी कुइला, विशिष्ट प्रसाद यादव, तापस कुमार दास, अनूप कुमार जाना सहित कई शिक्षक एवं गणमान्य लोग मौजूद थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


