
पोटका के सभी 131 पीडीएस दुकानों को मिली फोर जी ई-पॉस मशीन
झारखंड सरकार ने पोटका में 131 पीडीएस दुकानदारों को फोर जी ई-पॉस मशीन का वितरण किया। इस पहल से राशन वितरण प्रणाली में पारदर्शिता और सुगमता बढ़ेगी। विधायक के प्रतिनिधियों ने कहा कि यह तकनीकी सुधार आम जनता के लिए बेहतर सुविधा सुनिश्चित करेगा। दुकानदार संघ ने सरकार के इस कदम की सराहना की।
पोटका, संवाददाता । झारखंड सरकार के सार्वजनिक खाद्य आपूर्ति विभाग द्वारा प्रखंड के सभी 131 पीडीएस दुकानदारों को फोर जी ई-पॉस मशीन का वितरण सोमवार को स्थानीय सभागार में किया गया। विधायक संजीव सरदार की अनुपस्थिति में उनके प्रतिनिधि भाई भरत सरदार एवं तरुण सरदार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और पीडीएस दुकानदारों के बीच ई-पॉस मशीन का वितरण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आम जनता को बेहतर सुविधा देने के लिए लगातार तकनीकी सुधार कर रही है। पूर्व में टू जी मशीन होने के कारण राशन कार्डधारकों को खाद्यान्न वितरण में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
इसे देखते हुए विभाग ने दुकानदारों की मांग पर यह महत्वपूर्ण और जनहितकारी कदम उठाया है, जिससे अब राशन वितरण प्रणाली और अधिक पारदर्शी व सुचारु हो सकेगी। कार्यक्रम में पूर्व पार्षद चंद्रावती महतो, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सुधीर सोरेन, सचिव भूवनेश्वर सरदार,पीडीएस दुकानदार संघ के अध्यक्ष अनवर अली, महासचिव जितेंद्र गुप्ता, द्वारका प्रसाद गुप्ता,फणीभूषण पाल, भृगु कालिंदी, सागर गुप्ता सहित अन्य उपस्थित थे। संघ की मांग पर सरकार की अच्छी पहल : कार्यक्रम में पीडीएस दुकानदार संघ के अध्यक्ष अनवर अली ने कहा कि दो जी नेटवर्क से अनाज वितरण में दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। इसमें समय भी ज्यादा लग जाता था। संघ ने विधायक संजीव सरदार के माध्यम से सरकार तक 4 जी ई पोस मशीन की मांग किया। सरकार द्वारा 4 जी मशीन देकर अच्छा पहल किया गया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




