
घाटशिला विधानसभा को शिक्षा का हब बनाने का होगा प्रयास : सोमेश
घाटशिला विधानसभा उपचुनाव में झामुमो की जीत के बाद पहली बार कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। विधायक सोमेश सोरेन ने जनता का आभार व्यक्त किया और अपने पिता के अधूरे सपनों को पूरा करने का आश्वासन दिया। उन्होंने शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए प्रयासों की बात की। पंचायत अध्यक्षों को वोटिंग और ग्रामीण समस्याओं की जानकारी दी गई।
घाटशिला, संवाददाता। घाटशिला विधानसभा उपचुनाव में झामुमो की प्रचंड जीत के बाद पहली बार घाटशिला विधानसभा के झामुमो कार्यकर्ताओं की समीक्षात्मक बैठक बुधवार को बुरुडीह डैम में हुई। इसमें मुख्य अतिथि विधायक सोमेश सोरेन थे। विधायक सोमेश चन्द्र सोरेन ने कहा कि सबसे पहले मैं उन जनता को आभार प्रकट करता हूं, जिनकी बदौलत हमारी प्रचंड जीत हुई है। उन्होंने कहा कि वे अपने पिता की ही तरह जनता के विश्वास पर खड़ा उतरने का प्रयास करेंगे और पिता के जितने भी अधूरे कार्य हैं, पहले उन सभी को पूरा करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि पिताजी घाटशिला विधानसभा को शिक्षा का हब बनाना चाहते थे, उसी को लेकर मुसाबनी में इंजीनियरिंग कॉलेज, घाटशिला के हेंदलजुड़ी में जनजातीय विश्वविद्यालय बनाने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन मैं विश्वास दिलाता हूं कि पिता के अधूरे सपने को हर हाल में पूरा करेंगे।
पंचायत अध्यक्ष एवं सचिवों ने वोटिंग को लेकर दी जानकारी बैठक के दौरान सभी पंचायत अध्यक्ष एवं सचिवों ने अपनी-अपनी पंचायतों के बूथों से मिले वोट को लेकर बैठक में जानकारी दी। इसमें सभी पंचायत अध्यक्ष व सचिव को यह निर्देश दिया गया कि उनकी पंचायतों में जितने भी गांव हैं, सभी गांवों में लगातार बैठक कर ग्रामीणों की समस्या को सूचीबद्ध करे, साथ ही साथ जो समस्या गांव स्तर पर निपटारा हो, उसे गांव स्तर पर करे और जो ब्लॉक स्तर हो उसे ब्लॉक स्तर पर करे। इस सब की जानकारी प्रखंड कमेटी के साथ-साथ विधायक को भी होनी चाहिए। ताकि आने वाले 2029 के विधानसभा चुनाव में जनता के बीच वोट मांगने जाने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो। बैठक में प्रखंड अध्यक्ष दुर्गा चरण मुर्मू, जगदीश भकत, कॉजल डॉन, शुशील मार्डी, कालीपद गोराई समेत सैकड़ों झामुमो कार्यकर्ता मौजूद थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




