कोल्हान का प्रसिद्ध हरिणा मेला आज से, तैयारी पूरी
पोटका के मुक्तेश्वरधाम हरिणा में हरिणा मेले का शुभारंभ कल से होगा। मेले के सफल आयोजन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। विधायक संजीव सरदार ने पुजारियों को वस्त्र वितरण किया और श्रद्धालुओं से मेले में शामिल होने की अपील की।

पोटका, संवाददाता । प्रखंड के मुक्तेश्वरधाम हरिणा में रोजो संक्रांति के उपलक्ष्य पर आयोजित होने वाले कोल्हान के प्रसिद्ध पांच दिवसीय हरिणा मेला का शुभारंभ कल सोमवार से होगा। मेला के आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मुक्तेश्वर धाम आश्रम कमेटी व प्रशासनिक अधिकारी मेला के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए युद्धस्तर पर तैयारी किए।
मेला का शुभारंभ
सोमवार सुबह पाटभोक्ता अनुष्ठान के साथ मेला का विधिवत शुभारंभ होगा। समिति के साथ बैठक के उपरांत विधायक संजीव सरदार ने अपनी वर्षों पुरानी परंपरा को निभाते हुए हरिणा मंदिर के पुजारियों एवं पाटभोक्ताओं के बीच अंगवस्त्र का वितरण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मैं विगत कई वर्षों से हरिणा मेला शुरू होने के एक दिन पूर्व पुजारियों एवं पाटभोक्ताओं को वस्त्र वितरण करते आ रहे हैं और यह परंपरा आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि सोमवार को मेला के शुभारंभ के अवसर पर उनके द्वारा पातभोक्ताओं एवं श्रद्धालुओं के बीच चना-गुड़ और शरबत का वितरण भी किया जाएगा। विधायक ने सभी श्रद्धालुओं से मेला में पहुंचकर धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन का हिस्सा बनने और इसकी गरिमा बनाए रखने की अपील की। इस अवसर पर मुख्य पुजारी सह ग्रामप्रधान बज्रांकन दंडपाट, आश्रम कमेटी के अध्यक्ष दीपंकर सीट, पुजारी विकास पंडा, राखु प्रहराज, अम्बुज दंडपाट, राकेश दंडपाट तथा मेला कमेटी के सितांसु नायक, रशानन्द सीट, अनिरुद्ध नायक, अमल सीट, खिरोद सीट, सरोज सीट, सूरज नायक, अमित कालिंदी, सनातन सरदार समेत अन्य सदस्य उपस्थित थे।
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा
मेला में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े, इसे लेकर पोटका विधायक संजीव सरदार ने रविवार को हरिणा पहुंचकर मुक्तेश्वर धाम आश्रम कमिटी के सदस्यों के साथ घंटों बैठक की। इस दौरान उन्होंने मेला की तैयारियों का जायजा लिया और प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
तीन राज्यों से जुटेंगे श्रद्धालु
हरिणा मेला में झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल समेत तीन राज्यों से प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं को सुगमता से पूजा-अर्चना एवं मेला भ्रमण की सुविधा मिले, इसके लिए प्रशासन और मेला कमिटी को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा पूरे मेला क्षेत्र में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
FAQs
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


