नशे के खिलाफ दौड़े युवा, धनंजय महतो बने चैंपियन
बहरागोड़ा। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के ऐतिहासिक अवसर पर रविवार को बहरागोड़ा प्रखंड के झांजीया में एक नई पहल देखने को मिली।

बहरागोड़ा, संवाददाता। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के ऐतिहासिक अवसर पर रविवार को बहरागोड़ा प्रखंड के झांजीया में एक नई पहल देखने को मिली। डिटी स्पोर्टिंग क्लब के तत्वावधान में पहली बार 'रन फॉर हेल्प' मैराथन दौड़ प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इस दौड़ का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेल के प्रति जागरूक करना और समाज से नशे की कुरीति को मिटाना था। झांजीया मैदान से शुरू हुई इस 7 किलोमीटर लंबी मैराथन में कुल 40 धावकों ने अपना दमखम दिखाया। प्रतियोगिता का मार्ग झांजीया से लोधनबनी, थाना रोड और जगन्नाथपुर बाजार होते हुए वापस क्लब परिसर में समाप्त हुआ। सड़क के दोनों ओर खड़े ग्रामीणों ने तालियों के साथ प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
इस प्रतिस्पर्धा के बीच खंडामौदा के युवाओं ने अपना वर्चस्व कायम रखा। इसमें खंडामौदा के धनंजय महतो प्रथम स्थान (5,000 नगद पुरस्कार) तथा बहरागोड़ा के सालखान मुर्मू द्वितीय स्थान (3,000 नगद पुरस्कार) व पाथरघाटा के सोमू दास तृतीय स्थान (2,000 नगद पुरस्कार) प्राप्त कर अपने नाम किया। साथ ही विजेताओं के अलावा, खेल भावना का सम्मान करते हुए कमेटी द्वारा सभी 40 प्रतिभागियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। आयोजन समिति ने युवाओं को डिटी क्लब से जुड़कर अपनी प्रतिभा निखारने का निमंत्रण दिया। इस गरिमामयी अवसर पर मुख्य रूप से मुखिया मीणा मुंडा, संचालक लक्ष्मण माहार, साधु चरण मुंडा सहित क्लब के कई सदस्य और स्थानीय खेल प्रेमी उपस्थित थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


