
7-बांकदह के ग्रामीण का आरोप, एजेंट ने पशु दिखा कर हड़प ली राशि
बहरागोड़ा प्रखंड की गुहियापाल पंचायत के बांकदह गांव में पशु ऋण योजना में 40,000 रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। द्विजेन राउत ने बिचौलिया और वेंडर पर आरोप लगाया है कि उन्होंने ऋण दिलवाने के नाम पर राशि का दुरुपयोग किया। बीडीओ ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
बहरागोड़ा, संवाददाता। बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र की गुहियापाल पंचायत के बांकदह गांव में पशु ऋण योजना में कथित तौर पर चालीस हजार रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। गांव के द्विजेन राउत ने गुड़ाबंधा प्रखंड के अंगारपाड़ा गांव निवासी बिचौलिया हिमांशु बेरा और वेंडर मनोहर सिंह नामक व्यक्ति पर आरोप लगाया है। इसमें कहा है कि उसने ऋण दिलवाने के नाम पर फॉर्म भरवाया, घर के पशुओं के साथ फोटो खिंचवाया, लेकिन ऋण की पूरी राशि का बंदरबांट (दुरुपयोग) कर लिया गया है। पीड़ित द्विजेन ने बुधवार को अपनी शिकायत दर्ज कराने के लिए बहरागोड़ा प्रखंड विकास पदाधिकारी केशव भारती के हाथों उपायुक्त के नाम एक ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में उन्होंने विस्तार से बताया है कि कैसे तीन महीने पहले हिमांशु बेरा ने उनसे पशु ऋण का फॉर्म भरवाकर, उनके पास मौजूद पशुओं को दिखाकर बैंक से राशि प्राप्त की और बाद में उन्हें एक रुपये भी नहीं दिये। दोषियों पर होगी कार्रवाई : बीडीओ इस संबंध में द्विजेन ने अपनी आप बीती बहरागोड़ा स्थित सीपीआई(एम) पार्टी कार्यालय में सुनाई। सीपीआई(एम) के राज्य सदस्य स्वपन कुमार महतो और बहरागोड़ा के अंचल सचिव चित्त रंजन महतो पीड़ित व्यक्ति को साथ लेकर सीधे प्रखंड कार्यालय पहुंचे। उन्होंने बीडीओ को उपायुक्त के नाम ज्ञापन सौंपते हुए इस धोखाधड़ी की गहन जांच करने और इसमें शामिल दोषी व्यक्तियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। दूसरी ओर, बीडीओ केशव भारती ने कहा कि जो भी भी इस मामले में दोषी हैं, उस पर जांच कर कार्रवाई की जायेगी। वहीं, इस संबंध में आरोपियों का पक्ष लेने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन बंद मिला है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


