Hindi NewsJharkhand NewsGhatsila NewsFire Breaks Out at Solid Waste Plant in Chakulia Pollution Threatens Local Health
ठोस अपशिष्ट प्लांट के पास कचरे की ढेर में लगी भीषण आग, दमकल ने बुझाई

ठोस अपशिष्ट प्लांट के पास कचरे की ढेर में लगी भीषण आग, दमकल ने बुझाई

संक्षेप:

चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र के हवाई पट्टी इलाके में ठोस अपशिष्ट प्लांट के बाहर शनिवार सुबह कचरे में भीषण आग लग गई। आग लगने का कारण अज्ञात है, लेकिन शरारती तत्वों द्वारा आग लगाने की आशंका है। आग से भारी धुआं फैलने और प्रदूषण बढ़ने से ग्रामीणों का स्वास्थ्य खतरे में है।

Jan 18, 2026 02:38 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, घाटशिला
share Share
Follow Us on

चाकुलिया, संवाददाता। चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र से सटे हवाई पट्टी इलाके में स्थित ठोस अपशिष्ट प्लांट के बाहर शनिवार सुबह कचरे की ढेर में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने के वास्तविक कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। लेकिन स्थानीय स्तर पर यह आशंका जताई जा रही है कि किसी शरारती तत्व ने जान बूझकर कचरे में आग लगा दी है। वन विभाग की टीम और बहरागोड़ा से आयी दमकल गाड़ी की टीम ने बड़ी मुश्किल से आग पर काबू पाया। कचरो में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और तेजी से पूरे क्षेत्र में फैल गई।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

इसके कारण आसमान में धुएं का गुबार छा गया है। इस घटना से हवा में भारी प्रदूषण फैल रहा है और आस-पास के हरे-भरे इलाके में कचरे की असहनीय दुर्गंध फैल गई है। इससे ग्रामीणों का स्वास्थ्य खतरे में है। उल्लेखनीय है कि यह ठोस अपशिष्ट प्लांट वर्तमान में चालू स्थिति में नहीं है। फिर भी नगर पंचायत क्षेत्र का सारा कचरा इसी प्लांट के आसपास फेंका जाता है। लंबे समय से कचरा डंप किए जाने के कारण यहां एक बड़े भूभाग पर कचरों का अंबार लगा हुआ है जो आग को और भड़काने में सहायक साबित हो रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग के वनरक्षी भादू राम सोरेन टीम के साथ पहुंचे और आग बुझाने की कोशिशें शुरू की। लेकिन आग इतनी भयावह है कि उस पर काबू पाना मुश्किल हो रहा है। स्थिति को अनियंत्रित देख ग्रामीणों ने बहरागोड़ा स्थित अग्निशमन केंद्र को इसकी सूचना दी है। इसके बाद दमकल की गाड़ी पहुंची। फिर आग पर काबू पाया गया।