लुगाहारा में हाथियों का तांडव, किसानों की मेहनत पर फिरा पानी
बहरागोड़ा के लुगाहारा गांव में हाथियों के झुंड ने किसानों की धान की फसल को बर्बाद कर दिया। ग्रामीणों ने हाथियों को भगाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी मेहनत बर्बाद हो गई। वन विभाग ने स्थिति का जायजा लिया और कहा कि हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। किसान मुआवजे की मांग कर रहे हैं।
बहरागोड़ा।बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र के सांड्रा पंचायत अंतर्गत लुगाहारा गांव में हाथियों के आतंक से किसान बेहाल हैं। बीती बुधवार की रात छह हाथियों के एक झुंड ने खेतों में घुसकर धान की फसल को पूरी तरह बर्बाद कर दिया। ग्रामीणों के अनुसार, हाथियों का यह झुंड शमसान घाट के रास्ते खेतों तक पहुंचा और देखते ही देखते खेतों में रोपे हुए धान की फसल को रौंद डाला। वहीं खेतों में हाथियों को घुसता देख ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाई। किसानों ने बम-पटाखे फोड़े और मशाल जलाकर हाथियों को भगाने का भरसक प्रयास किया। लेकिन जब तक हाथी वहां से हटे, तब तक किसानों की महीनों की मेहनत मिट्टी में मिल चुकी थी।
लुगाहारा गांव अपनी उपजाऊ जमीन के लिए जाना जाता है। किसान अगले एक-दो दिनों के अंदर खेतों में चारा लगाने और फसल की तैयारी में जुटे थे, लेकिन इस हमले ने उनकी आर्थिक कमर तोड़ दी है। ग्रामीणों का कहना है कि यह झुंड पिछले कई दिनों से इलाके में डेरा जमाए हुए है, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल है। अब आलम यह है कि किसान अपनी बची-कुची फसल बचाने के लिए रातों को जागकर पहरा देने को मजबूर हैं।उधर घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम लुगाहारा पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। विभाग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार हाथियों के झुंड पर लगातार नजर रखी जा रही है। वहीं हाथियों को फिलहाल लोधासूली जंगल के पार खदेड़ दिया गया है। साथ ही वन विभाग ने चेतावनी दी है कि ये हाथी भ्रमणशील हैं और दोबारा लुगाहारा की ओर रुख कर सकते हैं। इसलिए ग्रामीण किसी भी स्थिति में हाथियों के करीब न जाएं। हाथियों की झुंड दिखने पर तुरंत विभाग को सूचित करें। साथ ही पीड़ित किसानों ने सरकार और प्रशासन से गुहार लगाई है कि उनकी नष्ट हुई फसल का उचित आकलन कर जल्द से जल्द मुआवजा दिया जाए,ताकि वे इस आर्थिक संकट से उभर सकें।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


