पोटका में प्रखंड नाजीर समेत आठ कोरोना पॉजिटिव
पोटका प्रखंड में गुरुवार को आठ कोरोना संक्रमितों की पहचान की गई। इनमें पोटका प्रखंड के नाजीर भी शामिल...

पोटका प्रखंड में गुरुवार को आठ कोरोना संक्रमितों की पहचान की गई। इनमें पोटका प्रखंड के नाजीर भी शामिल हैं। ट्रूनेट मशीन से की गई जांच में पता चला। इसकी जानकारी मिलते ही बीडीओ कपिल कुमार ने फौरन प्रखंड सह अंचल कार्यालय को 48 घंटे के लिए सील करा दिया। प्रखंड कार्यालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सीडीपीओ कार्यालय और बीआरसी भवन को सेनिटाइज कराया गया। बीडीओ सहित प्रखंड कार्यालय के सभी स्टाफ गुरुवार से होम क्वारेंटाइन हो गए। गुरुवार को नाजीर समेत प्रखंड क्षेत्र में आठ कोरोना पॉजिटिव केस निकला। इनमें हल्दीपोखर पश्चिम पंचायत के उर्दू बालिका मध्य विद्यालय स्थित क्वारंटाइन केंद्र से दो, माटकू पंचायत क्वारंटाइन केंद्र से चार, पोटका प्रोजेक्ट प्लस टू स्कूल स्थित क्वारंटाइन केंद्र से एक कोरोना पॉजिटिव हैं। इन सभी को इलाज के लिए 108 एंबुलेंस से जमशेदपुर लाया गया। ब्लाक के नाजीर का बुधवार को ट्रूनेट मशीन से कोरोना की जांच हुई थी। गुरुवार को कोरोना पॉजिटिव की जानकारी मिलते ही सीएचसी में हड़कंप मच गया। नाजीर का कांटेक्ट हिस्ट्री है। इनका बीडीओ कपिल कुमार सहित सभी स्टाफ से मिलना-जुलना होता था। इससे प्रखंड में भय का माहौल है। गुरुवार को भी नाजीर रोजाना की तरह ब्लाक पहुंचे थे। बीडीओ ने उन्हें कोरोना संदिग्ध बता घर वापस भेज दिया। जानकारी के अनुसार, दो दिन पूर्व नाजीर को बुखार था। एक चिकित्सक से दवा लेकर ठीक हुए। बीडीओ व सीएचसी प्रभारी द्वारा नाजीर को कोविड इलाज के लिए जिला सर्विलांस पदाधिकारी को सूचित कर दिया गया है। बीडीओ कपिल कुमार ने लोगों से घरों में रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोग अनिवार्य रूप से मास्क पहनें। भीड़ में नहीं जाएं। सोशल डिस्टेंस का पालन करें। तेज बुखार के साथ सर्दी खांसी व गले में खराश होने पर तुरंत इसकी सूचना संबंधित पंचायत के मुखिया को दें। बाहर से आने वालों को होम क्वारंटाइन में ही रखें।
