चेचिस लेकर चेन्नई गया कोवाली का युवक गायब, परिजन चिंतित
पोटका के हल्दीपोखर भेलाईडीह निवासी 38 वर्षीय ड्राइवर रामदास पिछले चार दिनों से लापता हैं। वह 7 फरवरी को पांच दोस्तों के साथ चेन्नई रोजगार के लिए गए थे। परिवार वालों को रामदास के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल रही है। परिजनों ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।

पोटका। कोवाली थाना क्षेत्र के हल्दीपोखर भेलाईडीह निवासी पेशे से ड्राइवर रामदास (38) पिछले चार दिनों से लापता हैं। रामदास 7 फरवरी को हल्दीपोखर पश्चिम पंचायत के अपने पांच दोस्तों परेश, हेलो, इजराफिल, पिंटू और लल्लन के साथ टाटा मोटर्स का चेचिस वाहन लेकर रोजगार के लिए चेन्नई गया था, लेकिन उसके बाद से रामदास के परिजनों को पुत्र के बारे में जानकारी नहीं मिल रही है। मां पार्वती दास और बहन रूपा दास का रो-रोकर बुरा हाल है। राम के पिता छुटा दास ने कहा कि चार दिन पूर्व मैंने जब उसका हालचाल जानने के लिए फोन किया तो मोबाइल स्विच ऑफ बताया।
अगले दिन फोन करने पर परेश नामक युवक ने फोन उठाया और राम के गुम होने की बात बताई। कभी मानसिक रूप से विक्षिप्त होने तो कभी कहीं खो जाने जैसी अलग-अलग बातें बताकर परेश गुमराह कर रहा है। राम का मोबाइल अभी भी परेश के पास ही है। परिजनों ने राम के गायब होने का उक्त पांचों युवकों पर संदेह जताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग पुलिस से की है। घटना की सूचना मिलने पर पंचायत की मुखिया देवी कुमारी भूमिज एवं जिला परिषद सदस्य सूरज मंडल परिवार को ढांढस बंधाने उनके घर पहुंचे। इस संबंध में थाना प्रभारी धनंजय पासवान ने कहा कि परिवार द्वारा मौखिक रूप से पुलिस को सूचित किया गया है। उन्होंने कहा चूंकि मामला चेन्नई का है, इसलिए पुलिस राम के सकुशल बरामद होने के लिए हरसंभव सहयोग करेगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




