माचाडीहा आंगनबाड़ी केंद्र के 25 बच्चों को मिली चप्पल
पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने चाकुलिया प्रखंड के जमुआ पंचायत के माचाडीहा आंगनबाड़ी केंद्र के 25 बच्चों के लिए चप्पल उपलब्ध कराए। बच्चों ने खुशी से चप्पल प्राप्त किए। डीसी ने बच्चों की नंगे पांव आने की स्थिति देख कर यह कदम उठाया।

चाकुलिया। पूर्वी सिंहभूम जिला के उपायुक्त कर्ण सत्यर्थी ने चाकुलिया प्रखंड के जमुआ पंचायत के माचाडीहा आंगनबाड़ी केंद्र के 25 बच्चों के लिए 25 चप्पल उपलब्ध कराए। डीसी द्वारा प्रदत्त 25 चप्पलों को चाकुलिया अंचल अधिकारी सह सीडीपीओ नवीन पुरती ने मंगलवार को आंगनबाड़ी केंद्र में जाकर बच्चों को उपलब्ध कराया। इससे आंगनबाड़ी के गरीब बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। मालूम हो कि उपायुक्त ने विगत सोमवार को चाकुलिया प्रखंड अंतर्गत जमुआ पंचायत के माचाडीहा आंगनबाड़ी केंद्र का औचक निरीक्षण किया था। उन्होंने पाया कि अधिकांश बच्चे नंगे पांव ही पैदल चल आंगनबाड़ी केंद्र आते हैं। गरीब बच्चों की स्थिति देख डीसी का मन पिघल गया।
आंगनबाड़ी केंद्र एवं पंचायत की अन्य योजनाओं का निरीक्षण करने के पश्चात जब वे चाकुलिया पहुंचे तो उन्होंने माचाडीहा आंगनबाड़ी केंद्र में नामांकित सभी 25 बच्चों के लिए दुकान से चप्पल खरीद कर मंगवाया। उन्होंने इसे चाकुलिया सीडीपीओ नवीन पुरती को देते हुए कहा कि इसे आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों में बांट दें। ताकि उन्हें आगे से नंगे पांव नहीं आना पड़े। मंगलवार को सीडीपीओ ने सभी बच्चों को चप्पल मुहैया किया। मौके पर अंचल कार्यालय के प्रधान लिपिक कृष्ण सिंह मुंडा, अंचल निरीक्षक परमानंद सिंह भी मौजूद थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


