विधायक ने उठाया हाईटेंशन तार को हटाने का मुद्दा
पोटका विधायक संजीव सरदार ने विधानसभा में जादूगोड़ा स्थित सीआरपीएफ समूह केंद्र के ऊपर से गुजर रही 132 केवी हाईटेंशन विद्युत लाइन का मामला उठाया। उन्होंने बताया कि यह लाइन जवानों और उनके परिवारों की सुरक्षा को गंभीर खतरे में डाल रही है। उन्होंने इसे प्राथमिकता से देखने की मांग की है।

जादूगोड़ा। पोटका विधायक संजीव सरदार ने विधानसभा में पूर्वी सिंहभूम जिला अंतर्गत जादूगोड़ा स्थित ग्राम स्वांसपुर में अवस्थित सीआरपीएफ समूह केंद्र के ऊपर से गुजर रही 132 केवी हाईटेंशन विद्युत लाइन का मामला प्रमुखता से उठाया। उन्होंने सदन में बताया कि लगभग 165 एकड़ क्षेत्र में फैले इस केंद्र परिसर में जवानों एवं उनके परिवारों के लिए आवासीय भवन व बैरक निर्मित हैं तथा कई भवनों का निर्माण कार्य प्रगति पर है। ऐसे में परिसर के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर खतरा उत्पन्न कर रही है। विधायक ने सदन को अवगत कराया कि उक्त विद्युत लाइन के कारण जवानों के दैनिक कार्यों एवं ड्यूटी के दौरान संभावित दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा में तैनात जवानों के आवासीय व कार्यस्थल परिसर में इस प्रकार की उच्च वोल्टेज लाइन का होना अत्यंत चिंताजनक है और इसे प्राथमिकता के आधार पर देखा जाना चाहिए। विधायक ने यह भी उल्लेख किया कि उक्त परिसर के आसपास झारखंड पुलिस का सीटीसी मुसाबनी केंद्र तथा ग्राम गोपालपुर, स्वांसपुर एवं बड़ा पहाड़ स्थित हैं। इससे आम नागरिकों की सुरक्षा भी प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि यह केवल सीआरपीएफ परिसर का मुद्दा नहीं, बल्कि व्यापक जनसुरक्षा से जुड़ा विषय है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


