उगते व डूबते सूर्य को अर्घ्य देने उमड़ी भीड़
छठ महापर्व के आखिरी दिन व्रतियों ने उदीयमान सूर्य को अर्घ्य दिया। लवन कूपन नदी के बड़शोल घाट पर आस्था का सैलाब उमड़ा। रविवार की शाम अस्ताचलगामी...

चाकुलिया, संवाददाता।
छठ महापर्व के आखिरी दिन व्रतियों ने उदीयमान सूर्य को अर्घ्य दिया। लवन कूपन नदी के बड़शोल घाट पर आस्था का सैलाब उमड़ा। रविवार की शाम अस्ताचलगामी सूर्य और सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्ध्य देने के साथ छठ पूजा का समापन हुआ। अर्घ्य अर्पण के साथ छठव्रतियों का निर्जला उपवास भी समाप्त हुआ। जुगितोपा पंचायत के बड़शोल स्थित कूपन नदी छठ घाट पर महिलाएं छठ गीत गाते हुए घाट पहुंचीं। छठ को लेकर बच्चों में भी काफी उत्साह देखा गया। छठ घाट पर बच्चे पटाखे फोड़ते नजर आए। भोजपुरिया युवा मंच द्वारा घाट को भव्य रूप से सजाया गया था। सुबह भगवान भास्कर को अर्घ्य देने के बाद प्रसाद के लिए श्रद्धालु छठव्रतियों के पास गए। छठव्रतियों के पैर छू सभी ने आशीर्वाद भी लिया।
सोमवार की सुबह छठ घाट पर विधायक समीर महंती पत्नी नैना महंती के साथ घाट पहुंचे। विधायक और उनकी पत्नी ने भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया। विधायक की ओर से छठव्रतियों के लिए खीर का इंतजाम किया गया था। छठव्रतियों के बीच जाकर विधायक ने खीर के पैकेट बांटे। विधायक के साथ प्रमुख धनंजय करुणामय, उप प्रमुख कविता साव, गौतम दास, राकेश महंती, विशाल बारिक मिथुन कर भी घाट पहुंचे थे।
घाट पर छठव्रतियों की सेवा भोजपुरिया मंच की ओर से की गई। छठव्रतियों के लिए चाय, दूध, खीर की व्यवस्था की गई थी। संरक्षक परमानंद सिंह, कोषाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह, राजकुमार मिश्रा, दिनेश सिंह, रत्नेश सिंह, राजकुमार सिंह, राजेश सिंह छठव्रतियो की सेवा में लगे रहे। वहीं घाट पर सुरक्षा को लेकर पुलिस भी मुस्तैद रही। थाना प्रभारी वरुण यादव दल बल के साथ मौके पर मौजूद रहे।
