Ghatsila News: मुसाबनी डिग्री कॉलेज के बाउंड्री वॉल निर्माण में काली ईंट के प्रयोग का विरोध
Ghatsila News: मुसाबनी में डिग्री कॉलेज के निर्माण से जुड़े विवाद सामने आए हैं। ग्रामीणों ने बाउंड्री वॉल में काली ईंट के उपयोग पर चिंता जताई और गुणवत्तापूर्ण सामग्री की मांग की। अधिकारियों ने गुणवत्ता सुनिश्चित करने का वादा किया। जमीन के विवाद और पुरानी मंदिर के मुद्दों पर भी चर्चा की गई।

Ghatsila News: मुसाबनी, संवाददाता। घाटशिला के पूर्व विधायक व झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री स्वर्गीय रामदास सोरेन का सपना था कि मुसाबनी एजुकेशन हब बने। इसी सपने को साकार करने को लेकर उन्होंने अपने कार्यकाल में मुसाबनी के लिए एक डिग्री कॉलेज एवं एक इंजीनियरिंग कॉलेज के निर्माण का रास्ता प्रशस्त का दिया था, इसके तहत डिग्री कॉलेज का निर्माण का कार्य प्रारंभ हो चुका है। लेकिन, अब डिग्री कॉलेज के निर्माण कार्य में कई विवाद सामने आ गए हैं, इसे लेकर बुधवार को उत्तरी बादिया पंचायत भवन में बैठक हुई। इस दौरान सबसे ग्रामीणों ने बताया कि बाउंड्री वॉल में काली ईंट का उपयोग किया जा रहा है, इसे अविलंब रोका जाए और गुणवत्तापूर्ण सामग्री का उपयोग किया जाए। इस मामले में योजना के संवदेक से जानकारी लेने पर उन्होंने कहा कि डिग्री कॉलेज का निर्माण कार्य नियम अनुसार मानक के अनुरूप सामग्री उपयोग कर किया जा रहा है। काली ईंट भी काफी मजबूत लगायी गयी है, अगर विभाग द्वारा लिखित में इसे बदलने का आदेश दिया जाएगा तो इसे बदल जाएगा। वहीं, उन्होंने बताया कि डिग्री कॉलेज के भवन के निर्माण में एसी ब्लॉक का प्रयोग किया जाएगा, जो कि गुणवत्ता में काफी मजबूत मानी जाती है।
संवेदक को गुणवत्तापूर्ण कार्य का निर्देश
इस पर एग्जीक्यूटिव उज्ज्वल नाग ने कहा कि संवेदक को गुणवत्तापूर्ण कार्य का निर्देश दिया जा चुका है। इसके बाद बैठक में हरिजन बस्ती से सटे जमीन का विवाद जो कई दिनों से चला आ रहा था, इस मुद्दे को लेकर अधिकारियों ने निर्माण क्षेत्र साइड में जाकर मौके पर इस विवाद को सुलझाने का प्रयास किया, हरिजन बस्ती के ग्रामीणों का कहना था कि डिग्री कॉलेज के लिए जितनी जमीन ली जा रही है, उसके बाद यहां से आने-जाने और हमारे सार्वजनिक धार्मिक कार्यक्रमों के लिए जगह नहीं बचेगी, इसलिए जगह छोड़कर निर्माण कार्य कर जाए, जिस पर अधिकारियों ने कहा कि इसका भी निपटारा जल्द कर लिया जाएगा। डिग्री कॉलेज निर्माण क्षेत्र में एक पुरानी मंदिर एवं अन्य गांव का पुराना रास्ता भी प्रभावित हो रहा है, इसे लेकर भी सभी का पक्ष अधिकारियों द्वारा सुना गया, इसके बाद ग्रामीणों को बताया गया कि जल्द ही इस मामले का भी समाधान निकाला जाएगा। वहीं, सभी अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि शिक्षा के मंदिर का निर्माण हो रहा है, जिससे क्षेत्र का विकास होगा, इस निर्माण कार्य में सभी सहयोग करें, इस अवसर पर विधि व्यवस्था बनाए रखने को लेकर थाना प्रभारी करमपाल भगत पुलिस बल के साथ खुद मौजूद थे।
बैठक में ये थे मौजूद
बैठक में भवन निर्माण विभाग के एग्जीक्यूटिव उज्ज्वल नाग, इंजीनियर महेंद्र कुमार प्रधान, सहायक इंजीनियर मुकुल रंजन, अंचल कार्यालय से सीआई कन्हाई लाल हांसदा, शरद चंद्र बेरा सहित झामुमो प्रखंड अध्यक्ष प्रधान सोरेन, तुषार कांत पातर, पंचायत समिति सदस्य अनीता सागर, मुखिया रामचंद्र मुर्मू, दुलाल महाली लक्ष्मण चंद्र बाग, कान्हू टुडू, पप्पू सिंह, विक्रम, अशोक मुखी, मुन्ना मुखी सहित काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

