मुसाबनी प्रखंड की जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेसियों ने सौंपा ईकाई प्रमुख को ज्ञापन
घाटशिला में कांग्रेस ने मुसाबनी प्रखंड की समस्याओं को लेकर कार्यपालक निदेशक को पांच सूत्री मांग पत्र सौंपा। इसमें एचसीएल/आईसीसी के पूर्व कर्मचारियों को बहाली में प्राथमिकता, दिवंगत कर्मचारियों के आश्रितों को रोजगार, स्थानीय बेरोजगार युवाओं को नियुक्ति में भागीदारी, स्ट्रीट लाइट और पेयजल सुविधा बहाली की मांग की गई।
घाटशिला। मुसाबनी प्रखंड की जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस ने शुक्रवार को मुसाबनी प्रखंड कांग्रेस कमेटी की ओर से कार्यपालक निदेशक सह इकाई प्रमुख श्याम सुंदर सेठी को पांच सूत्री मांग पत्र सौंपा । यह ज्ञापन कांग्रेस प्रदेश सचिव तापस चटर्जी के नेतृत्व में तथा प्रखंड अध्यक्ष संजय साह की अध्यक्षता में दिया गया। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि एचसीएल/आईसीसी के पूर्व कर्मचारियों को बहाली में प्राथमिकता दी जाए, वहीं सेवा के दौरान दिवंगत कर्मचारियों के आश्रितों को रोजगार में पहला अधिकार मिले। साथ ही स्थानीय शिक्षित बेरोजगार युवाओं को भी नियुक्ति प्रक्रिया में उचित भागीदारी देने की मांग उठाई गई।
कांग्रेस ने सीएसआर मद से मुसाबनी से सुरदा माइंस तक स्ट्रीट लाइट लगाने, कंपनी तालाब से पहले की तरह क्वार्टरों में पेयजल सुविधा बहाल करने और नेताजी सुभाष पार्क में बच्चों के लिए झूला व खेल सामग्री उपलब्ध कराने की भी मांग रखी। इसके अलावा सुरदा फेज-2 को शीघ्र शुरू करने तथा एचसीएल/आईसीसी के माइंस व प्लांट में कार्यरत मजदूरों के लिए रियायती दर पर कैंटीन सुविधा बहाल करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही। कांग्रेस नेताओं ने उम्मीद जताई कि प्रबंधन इन मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगा। मौके पर मानस दास, कन्हैया शर्मा, अरिक राज, एंटोनी, मनोज परिडा, बबलू नायक, लक्ष्मण चंद्र बाग सहित कई कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




