घाटशिला में 45 लाख की लागत से बना कोल्ड स्टोरेज सात साल से बंद, उद्घाटन का इंतज़ार

Jan 15, 2026 02:44 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, घाटशिला
share Share
Follow Us on

घाटशिला प्रखंड के धरमबहाल पंचायत में 45 लाख रुपये की लागत से बने कोल्ड स्टोरेज का आज तक औपचारिक शुभारंभ नहीं हुआ है। 2019 में किसानों की फसल को बचाने के लिए इसे बनाया गया था, लेकिन संचालन के लिए टेंडर भरे जाने में असफलता के चलते यह सिर्फ शोभा की वस्तु बनकर रह गया है।

घाटशिला में 45 लाख की लागत से बना कोल्ड स्टोरेज सात साल से बंद, उद्घाटन का इंतज़ार

घाटशिला, संवाददाता। घाटशिला प्रखंड की धरमबहाल पंचायत के लालडीह लैंपस परिसर में सात साल पहले 45 लाख रुपये की लागत से बना कोल्ड स्टोरेज आज तक केवल एक शोभा की वस्तु बनकर रह गया है। अफसोस की बात है कि इसका अभी तक औपचारिक शुभारंभ ही नहीं हो पाया है। हालांकि, स्थानीय विधायक सोमेश सोरेन ने इसे शुरू करवाने के संबंध में विभागीय अधिकारियों से बात की है, लेकिन ज़मीनी स्तर पर अभी तक कोई पहल दिखाई नहीं दे रही है। जानकारी के अनुसार, किसानों की सब्ज़ी की फ़सल को बर्बाद होने से बचाने के उद्देश्य से वर्ष 2019 में श्यामा प्रसाद रुर्बन मिशन के तहत इस कोल्ड स्टोरेज का निर्माण किया गया था।

यह भव्य कोल्ड स्टोरेज सब्ज़ी, दूध और अन्य सामानों के भंडारण के लिए सुसज्जित है। बिजली कटौती की स्थिति से निपटने के लिए एक बड़ा डीजी सेट (जनरेटर) भी लगाया गया था। इसके बनने के बाद इसके हैंडओवर में ही दो से तीन साल का समय लग गया। हैंडओवर होने के बाद जब इसके संचालन के लिए टेंडर निकाला गया, तो वार्षिक दर तीन लाख रुपये तय की गई। लेकिन इस टेंडर को भरने के लिए कोई भी व्यक्ति या संस्था आगे नहीं आई। संचालन में घाटे की आशंका स्थानीय लोगों का कहना है कि घाटशिला प्रखंड का यह क्षेत्र शहरी इलाक़े के क़रीब है, जहाँ किसानों की संख्या कम है। जो ग्रामीण किसान सब्ज़ियाँ उगाते हैं, वे उन्हें प्रतिदिन बाज़ार में लाकर बेच देते हैं। ऐसे में, कोल्ड स्टोरेज में सब्ज़ी या अन्य सामान कौन रखेगा? लोगों के अनुसार, सालाना तीन लाख रुपये का किराया और 24 घंटे बिजली आपूर्ति बनाए रखने के लिए अलग से आने वाला खर्च इस संचालन को घाटे का सौदा बना देगा। इसी घाटे की आशंका के कारण आज तक किसी ने भी इस टेंडर को नहीं भरा है। कोट टेंडर न भरे जाने के कारण ही यह कोल्ड स्टोरेज चालू नहीं हो पाया है। विभागीय अधिकारियों के साथ-साथ विधायक को भी इस स्थिति से अवगत कराया है। विधायक ने निरीक्षण के बाद इसे जल्द से जल्द चालू करवाने का आश्वासन दिया है। -तपन मार्डी, लैंपस सचिव

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;;