हरिणा मेला में मुख्य मार्ग से पांच दिन बस का रहेगा परिचालन बंद : डीएसपी

हिन्दुस्तान, घाटशिला
Follow us on Google News
share

रोजो संक्रांति के अवसर पर मुक्तेश्वर धाम हरिणा में 15 जून से शुरू होने वाले वार्षिक मेले के सफल आयोजन एवं विधि-व्यवस्था को लेकर गुरुवार को मंदिर परिसर

हरिणा मेला में मुख्य मार्ग से पांच दिन बस का रहेगा परिचालन बंद : डीएसपी

पोटका, संवाददाता। रोजो संक्रांति के अवसर पर मुक्तेश्वर धाम हरिणा में 15 जून से शुरू होने वाले वार्षिक मेले के सफल आयोजन एवं विधि-व्यवस्था को लेकर गुरुवार को मंदिर परिसर सभागार में दूसरी बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता मुसाबनी डीएसपी रोहित कुमार रजवार ने की। बैठक से पूर्व डीएसपी ने मंदिर परिसर एवं मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं के ठहराव स्थल, मंदिर के प्रवेश एवं निकास मार्ग, वाहन पार्किंग, दुकान एवं स्टॉल लगाने के स्थानों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद मंदिर कमेटी के साथ आयोजित बैठक में विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

निर्णय लिया गया कि मेले के दौरान मुख्य मार्ग पर पांच दिनों तक यात्री बसों का परिचालन बंद रहेगा। बसों का संचालन वैकल्पिक बाईपास मार्ग से किया जाएगा। रैश ड्राइविंग करने वाले बाइक चालकों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा उन्हें बैरियर पर ही वाहन पार्किंग में खड़ा करना होगा। यात्री वाहनों के लिए मेले के दोनों छोर पर बैरियर लगाए जाएंगे, जहां वाहन पार्क किए जाएंगे।मंदिर कमेटी के सदस्यों ने मेले में शराब बिक्री एवं अश्लील नृत्य (बुगी-बुगी) पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग दोहराई, जिस पर प्रशासन ने स्पष्ट रूप से रोक लगाने का निर्णय लिया। डीएसपी रोहित कुमार रजवार ने कहा कि हरिणा को पर्यटन स्थल के रूप में पहचान मिल चुकी है और इसे राजकीय मेले का दर्जा दिलाने की दिशा में भी प्रयास जारी हैं। ऐसे में सभी की जिम्मेदारी है कि मेले का आयोजन शांतिपूर्ण और अनुशासित ढंग से हो। उन्होंने बताया कि 10 जून को मंदिर परिसर में एक और बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रशासनिक निर्देशों एवं मंदिर कमेटी के सुझावों को अंतिम रूप दिया जाएगा।गौरतलब है कि इससे पूर्व 2 जून को विधायक संजीव सरदार की अध्यक्षता में पोटका में पहली बैठक आयोजित की गई थी। गुरुवार की बैठक में जादूगोड़ा सर्किल इंस्पेक्टर प्रवेश चंद्र सिन्हा, बीपीआरओ मनोज कुमार, अंचल निरीक्षक हेमंत कुमार, कोवाली थाना प्रभारी मुकेश कुमार साव, जादूगोड़ा थाना प्रभारी ईश्वर दयाल मुंडा तथा आबकारी इंस्पेक्टर रामदास भगत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। स्वास्थ्य एवं पेयजल स्वच्छता विभाग के प्रतिनिधि बैठक में अनुपस्थित रहे। मंदिर कमेटी की ओर से मुख्य पुजारी सह ग्राम प्रधान बजरंकन दंडपात, मुखिया सरस्वती मुर्मू, पिंटू नायक समेत अन्य सदस्य उपस्थित थे। बैठक में दीपांकर सीट, सागर सीट, सूरज नायक, सीतांश नायक, अनिरुद्ध नायक, छोटू दास, अमल सीट, दीपक नायक, दीपक सीट, पूर्णचंद्र नायक एवं हरेकृष्ण नायक सहित कई लोग उपस्थित थे।शांति और सहयोग से सफल होगा मेला : बजरंकन दंडपातहरिणा मंदिर के मुख्य पुजारी सह ग्राम प्रधान बजरंकन दंडपात ने आम लोगों से मेले के सफल आयोजन में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि कुछ लोग मेले में दुकानदारों से अवैध वसूली के आरोप लगा रहे हैं, जो पूरी तरह निराधार हैं। यहां किसी प्रकार की उगाही नहीं होती है। उन्होंने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व मेले की शांति व्यवस्था को प्रभावित करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन ऐसे लोग अपने मंसूबों में कभी सफल नहीं होंगे। उन्होंने सभी से शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।