पुरी में समुद्र में नहाने के दौरान तेज लहर के आगोश में समाया बहरागोड़ा का अनिमेष
बहरागोड़ा का बीटेक छात्र अनिमेष रविवार को अपने दोस्तों के साथ पुरी में महाप्रभु जगन्नाथ के दर्शन करने गया था। समुद्र में नहाते समय तेज लहर ने उसे खींच लिया और वह लापता हो गया। स्थानीय पुलिस और तटरक्षक बल ने 10 किमी के दायरे में खोजबीन की, लेकिन अनिमेष का कोई पता नहीं चला।

बहरागोड़ा। संवाददाता ओडिशा के पुरी में समुद्र में नहाने के दौरान बहरागोड़ा का बीटेक छात्र अनिमेष तेज लहर के आगोश में समा गया। उसका अबतक पता नहीं चल पाया है। रविवार सुबह दोस्तों के साथ महाप्रभु जगन्नाथ के दर्शन के लिए गया था।सत्यवान साव का इकलौता पुत्र अनिमेष (21 वर्ष) भुवनेश्वर के खंडगिरि स्थित सोआ यूनिवर्सिटी में बीटेक का छात्र है। रविवार सुबह दो दोस्तों के साथ महाप्रभु के दर्शन के लिए पुरी गया था। महाप्रभु के दर्शन के बाद तीनों दोस्त समुद्र तट पर नहाने चले गए। इस दौरान ऊंची और तेज लहर ने अनिमेष को गहरे पानी की ओर खींच लिया।
वह देखते ही देखते दोस्तों की आंखों से ओझल हो गया।दोस्तों की सूचना पर स्थानीय पुलिस और तटरक्षक बल की टीमें मौके पर पहुंचीं। गोताखोरों और बचाव दल द्वारा समुद्र किनारे 10 किमी के दायरे में तलाशी अभियान चलाया गया, पर पता नहीं चल सका। सोमवार को भी खोजबीन जारी रही।हादसे की खबर बहरागोड़ा पहुंचते ही पसरा मातम : अनिमेष के समुद्र की लहर में समाने की खबर बहरागोड़ा पहुंचते ही गांव में मातम पसर गया। घर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। हालांकि, परिवार के लोग रोते-बिलखते तुरंत पुरी के लिए रवाना हो गए। पुरी पहुंचने के बाद उनकी मौजूदगी में टीम फिर से अनिमेष की समुद्र में तलाश कर रही है, पर अबतक पता नहीं चल पाया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


