

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को मुसाबनी की जनसभा में कहा कि आपके पास बहुत सारे लोग वोट मांगने आएंगे। उनकी प्रचार गाड़ी भी घूमेगी। कुछ लोग व्यक्तिगत स्वार्थ साधने सड़कों पर उतरेंगे, पर आपको वोट सोच-समझकर ही करना है। कहा कि हमने चाचा चंपाई सोरेन को मुख्यमंत्री बनाया, लेकिन वे पाला बदलकर भाजपा में चले गए।
LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।सीएम ने तंज भरे लहजे में कहा, किसी के जाने से झामुमो को कोई फर्क नहीं पड़ता है, चंपाई के जाने से पार्टी को कोई फर्क नहीं पड़ेगा। सीएम घाटशिला विधानसभा उपचुनाव में झामुमो प्रत्याशी सोमेश चंद्र सोरेन के पक्ष में जनसभा में बोल रहे थे।
सीएम ने कहा कि सोमेश चंद्र सोरेन कोरे कागज की तरह हैं। इसपर घाटशिला की जनता जो लिखेगी, वही उन्हें मिलेगा। सोमेश आने वाली पीढ़ी के लिए तैयार होगा। ये आपकी सेवा में 24 घंटे मौजूद रहेगा। इसलिए आपने विगत चुनाव में जो स्नेह स्व रामदास दा को दिया था, वैसा ही आशीर्वाद सोमेश को दें।
मुख्यमंत्री ने मुसाबनी की जनसभा में भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि एक तरफ व्यापारियों की जमात है, दूसरी तरफ गरीब-गुरबा-आदिवासी-मूलवासी। ये लोग आदिवासी, दलित, पिछड़ा को पीछे धकेलने में लगे हैं। ये देने नहीं, लेने वाले लोग हैं। जरूरत पड़ेगी तब पैर पकड़ लेंगे, फिर सीधा गर्दन पकड़ लेंगे। इसलिए ध्यान रखिएगा।