सब्जी बेच रहे युवक की गोली मारकर हत्या
भंडरिया के बिजका गांव में सब्जी विक्रेता दीपक चौधरी को बुधवार शाम अज्ञात अपराधियों ने तीन गोलियां मारी। दीपक को गंभीर अवस्था में मेदिनीनगर अस्पताल लाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। घटना के पीछे जमीन विवाद होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

भंडरिया( गढ़वा), प्रतिनिधि। भंडरिया थानांतर्गत बिजका गांव में लगने वाले साप्ताहिक बाजार में सब्जी विक्रेता युवक को सरेशाम अपराधियों ने गोली मार दी। घटना बुधवार शाम की है। घटना के बाद युवक को मेदिनीनगर स्थित अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक थानांतर्गत फकीराडीह गांव का रहने वाला था। घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि 30 वर्षीय युवक दीपक चौधरी स्थानीय साप्ताहिक हाटों में जाकर सब्जी बेचता था। बुधवार को वह बिजका में लगने वाला साप्ताहिक बाजार में सब्जी बेचने गया था। शाम सात बजे अज्ञात अपराधियों ने सब्जी बेच रहे दीपक को अपराधी ने पीछे से आकर सरेशाम तीन गोली मारी।
गोली लगने के बाद दीपक गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पडा। अचानक हुई फायरिंग से बाजार में अफरातरफी मच गई। घायल अवस्था में स्थानीय लोगों की मदद से उसे इलाज के लिए मेदिनीनगर सदर अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मामले में भंडरिया थाना प्रभारी सुभाष कुमार पासवान ने बताया कि पुलिस मामला दर्ज कर अपराधियों की छानबीन में जुट गई है। उन्होंने बताया कि अपराधीयों को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा। डीएसपी रोहित रंजन सिंह ने बताया कि मामले के अबतक की प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे जमीन विवाद सामने आया है। युवक को बार-बार धमकी भी दी जा रही थी। पुलिस मामले में सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



