शहर की सरकार में दो अध्यक्ष और 25 वार्डों पर आधी आबादी
गढ़वा के तीन शहरी निकायों में आधी आबादी की प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है। मझिआंव नगर पंचायत की अध्यक्ष सुमित्रा देवी ने लगातार तीसरी बार जीत हासिल की। कुल 50 वार्डों में से 25 में महिलाओं ने जीत दर्ज की, जो शहर की सरकार में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को दर्शाता है।

गढ़वा, संवाददाता। जिलांतर्गत तीनों शहरी निकायों गढ़वा नगर परिषद और श्रीबंशीधर नगर व मझिआंव नगर पंचायत में आधे से अधिक सीटों पर आधी आबादी की प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है। शहर की सरकार को चलाने में आधी आबादी की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। मझिआंव नगर पंचायत में अध्यक्ष पद की कमान लगातार तीसरी बार स्थानीय जनता ने सुमित्रा देवी को सौंपा है। वहीं श्रीबंशीधर नगर पंचायत में साधना देवी निर्वाचित घोषित हुई हैं। उसके अलावा तीनों निकायों में कुल 50 में 25 वार्डों में आधी आबादी के प्रत्याशी निर्वाचित हुए हैं। मझिआंव नगर पंचायत में कुल नौ प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे।
उनमें तीन महिलाएं और छह पुरूष प्रत्याशी थे। सभी प्रत्याशियों पर सुमित्रा देवी भारी पड़ीं। वह लगातार तीसरी पर निर्वाचित हुई हैं। उन्हें कुल 3712 मत मिले। निकटतम प्रतिद्वंदी मारूत नंदन सोनी को 2387 मत मिले। चुनाव मैदान में उनके अलावा किस्मत आजमा रहे गिरीश पांडेय, पुष्पक पांडेय, विरेंद्र राम, शोभा देवी, संजय कुमार सिंह, सत्येश्वरी देवी और सूर्यदेव माली को हार का सामना करना पड़ा। उसके अलावा नगर पंचायत में छह वार्डों से महिला वार्ड पार्षद जीतकर आई हैं। उनमें वार्ड दो से रेणु कुमारी, वार्ड चार से गीता सिंह, वार्ड छह से सुमन विश्वकर्मा, वार्ड आठ से माया पाठक, वार्ड नौ से कमला देवी और वार्ड 11 से राधिका देवी निर्वाचित हुई हैं। वहीं श्रीबंशीधर नगर नगर पंचायत में अध्यक्ष साधना देवी के अलावा वार्ड एक से शमीमा बीवी, वार्ड छह से रेश्मि कुमारी, वार्ड सात से मोहिनी देवी, वार्ड नौ से पुष्पा कुमारी, वार्ड 10 से रेणु देवी, वार्ड 11 से पुष्पा देवी, वार्ड 12 से संध्या देवी, वार्ड 13 से चंचला कुमारी शामिल हैं। वहीं गढ़वा नगर परिषद के 21 वार्डों में 11 में महिला प्रत्याशी जीतकर आई हैं। उनमें वार्ड एक से गजाला सिद्दीकी, वार्ड दो से गुलशन आरा, वार्ड तीन से रेणु देवी, वार्ड पांच से अंजु केशरी, वार्ड छह से अनीता प्रसाद, वार्ड आठ से नीलम कुमारी शर्मा, वार्ड 11 में सत्यवती देवी, वार्ड 14 में रश्मि सिन्हा, वार्ड 15 में रीता देवी, वार्ड 17 में मीरा कुमारी और वार्ड 20 में सविता देवी शामिल हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



