
ग्रामीणों ने अवैध बालू परिवहन करते छह हाईवा पकड़ पुलिस को सौंपा
जरियागढ़ थाना क्षेत्र में, ग्रामीणों ने अवैध बालू कारोबार के खिलाफ छापेमारी कर छह हाईवा पकड़े। लंबे समय से अवैध बालू निकासी से पर्यावरण को नुकसान हो रहा था। ग्रामीणों की सक्रियता से पुलिस और वन विभाग को सूचित किया गया, जिससे वाहनों की जब्ती और जांच शुरू हुई।
कर्रा, प्रतिनिधि। जरियागढ़ थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात संयुक्त पड़हा समिति और स्थानीय ग्रामीणों ने अवैध बालू कारोबार के खिलाफ बड़ा कदम उठाते हुए बक्सपुर लापा सरना टोली के पास छापेमारी कर छह हाईवा पकड़े। ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय से क्षेत्र में अवैध रूप से बालू निकासी और परिवहन का खेल चल रहा था, जिससे पर्यावरण और गांव के रास्तों पर भारी नुकसान हो रहा था। लगातार शिकायतों के बाद भी कार्रवाई नहीं होने से लोग नाराज थे। छापेमारी के दौरान हाईवा के चालक ग्रामीणों की भीड़ देखकर वाहन छोड़कर भाग निकले। पकड़े गए वाहनों में हाईवा नंबर जेएच 01 एफडी 2807, जेएच 01 एफआर 0634, जेएच 01 एफडी 0106, जेएच 01 एफके 1260, जेएच 01 एफएम 1402 और जेएच 02 बीक्यू 3032 शामिल हैं।
ग्रामीणों ने तुरंत ही इसकी सूचना जरियागढ़ थाना और वन विभाग को दी, जिसके बाद सभी वाहन पुलिस के हवाले कर दिए गए। वाहन जब्त कर जांच में जुटी पुलिस: सूचना मिलते ही जरियागढ़ थाना पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और वाहन जब्त करते हुए जांच प्रक्रिया शुरू की। अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। ग्रामीणों की सक्रियता और संयुक्त प्रयास से क्षेत्र में अवैध बालू कारोबार करने वालों में हड़कंप है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि आगे भी ऐसी गतिविधि पकड़ी गई तो सामूहिक कार्रवाई जारी रहेगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




