ग्रामीणों ने नेता बाबूलाल मरांडी से मिलकर की न्याय दिलाने की मांग

Apr 07, 2026 08:59 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गढ़वा
share

गढ़वा विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी के नेतृत्व में विस्थापित परिवारों ने बाबूलाल मरांडी से मिलकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया। ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें जंगल में बसा दिया जा रहा है, जिससे उनके जीवन पर संकट आ गया है। उन्होंने विस्थापितों को अन्यत्र बसाने की मांग की है। विधायक ने जिला प्रशासन के खिलाफ न्याय की बात की।

ग्रामीणों ने नेता बाबूलाल मरांडी से मिलकर की न्याय दिलाने की मांग

गढ़वा, प्रतिनिधि। गढ़वा विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी के नेतृत्व में गढ़वा विधानसभा क्षेत्र के रंका प्रखंड के विश्रामपुर और रमकंडा प्रखंड के बलीगढ़ पंचायत के दर्जनों लोगों के साथ- साथ मंडल डैम के विस्थापित परिवारों ने विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी से मिलकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया। ग्रामीणों ने नेता प्रतिपक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री से न्याय दिलाने की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि मंडल डैम के विस्थापित परिवारों को रंका और रमकंडा प्रखंड के जिस स्थान पर बसाया जा रहा है उस जंगल से अगल-बगल बीस गांव के लोगों का जीवन यापन होता है । स्थानीय लोग उस जंगल से महुआ चुनकर, जड़ी बूटी लाकर, पत्तल दोना बनाकर अपना जीविकोपार्जन करते हैं।

लेकिन सरकार के निर्देश पर गढ़वा जिला प्रशासन बलपूर्वक उस जंगल में विस्थापितों को बसा रही है। उससे हजारों आदिवासी परिवार के सामने भरण पोषण का संकट खड़ा हो गया है । विश्रामपुर-बलीगढ़ के लोगों ने विस्थापितों को अन्यत्र बसाने की मांग बाबूलाल मरांडी से की। साथ ही मंडल डैम के विस्थापितों ने बाबूलाल मरांडी को ज्ञापन सौंप कर कहा कि हम सभी शहीद नीलांबर पीतांबर के वंशज हैं। जिस भूमि पर मंडल डैम का निर्माण किया जा रहा है, वह भूमि नीलांबर पीतांबर की भूमि है। शहीद नीलांबर पीतांबर के नाम को मिटाने के लिए आजादी से पहले अंग्रेजों ने उस भूमि पर डैम बनाने का निर्णय लिया था ताकि अमर शहीद का नामोनिशान मिट जाए। आज हमलोगों को जबर्दस्ती विस्थापित कर गढ़वा के विश्रामपुर और बलीगढ़ में जिस जमीन पर बसाया जा रहा है, वहां हम लोग जाना नहीं चाहते हैं । वर्तमान में वह जिस जगह पर रहते हैं, पांचवीं अनुसूची के अंतर्गत आता है। अभी हमलोग पेसा कानून के तहत आते हैं। उन्हें जहां पुनर्वासित किया जा रहा है वह सामान्य पंचायत है। वहां बसाए जाने से हमारा हक और अधिकार का हनन होगा। विस्थापित परिवार के लोगों ने भी विस्थापन का विरोध करते हुए बाबूलाल से न्याय की मांग की है। विधायक सत्येंद्रनाथ ने कहा कि जिला प्रशासन विस्थापित परिवार और विश्रामपुर और बलीगढ़ के लोगों के खिलाफ अन्याय कर रहा है। किसी भी हाल में नियम के विरुद्ध ग्रामीणों पर जुल्म नहीं होने दिया जाएगा।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।