
छठ घाट पर गंदगी का लगा है अंबार, घाटों तक पहुंचने वाला रोड भी है खराब
फोटो केतार एक: मुकुंदपुर गांव के नारायणपुर वन स्थित सूर्यमंदिर छठ घाट पर लगी गंदगी उसके बाद भी कई ऐसे छठ घाट हैं जहां अभी सफाई का कार्य शुरू नहीं हुआ
केतार, प्रतिनिधि। प्रखंड के कई स्थानों पर छठ घाटों की सफाई का कार्य अभी तक युद्धस्तर पर शुरू नहीं हुआ है। उसके बाद भी कई ऐसे छठ घाट हैं जहां अभी सफाई का कार्य शुरू नहीं हुआ है। प्रखंड के मुकुंदपुर गांव के नारायण वन स्थित प्रसिद्ध सूर्य मंदिर परिसर में झारखंड सहित बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ से लाखों श्रद्धालुओं का आगमन कार्तिक मास व चैत्र मास में महापर्व छठ पूजन के लिए होता है। साथ ही बत्तोकला गांव स्थित सूर्य मंदिर, परती कुशवानी में सोन नदी तट पर पचाडूमर गांव में शायरी मंदिर परिसर व सोन नदी तट, खैरवा गांव में नाग बाबा मंदिर के पास, सोन नदी तट पर केतार में पंडा नदी तट पर, सर्वेश्वरी समूह आश्रम व मां चतुर्भुजी भगवती मंदिर प्रांगण ताली गांव स्थित अमराही दह पहाड़ी सहित अन्य जगहों पर भव्य छठ पूजा का आयोजन होता है।

सभी छठ घाटों पर कमोबेश व्रतियों की भारी भीड़ होती है। छठ पूजा के आयोजन स्थल पर न तो पूजा कमेटी की ओर से न ही प्रशासन के द्वारा अभी तक सफाई का कार्य शुरू नहीं किया गया है। घाटों पर बिखरे पड़े कचड़ा, प्लास्टिक, बरसाती घासों से घाट भरे पड़े हैं। अबकी वर्ष अत्यधिक बारिश होने के कारण नदियों के तट पर कीचड़ और फिसलन होने के कारण छठ घाटों पर दुर्घटना की आशंका जताई जा रही है। साथ ही नदियों में अधिक जलस्तर होने से छठ घाटों पर सुरक्षा की चाक चौबंद व्यवस्था भी चुनौती होगी। नदी तट पर पहुंचने वाले पथ, रोशनी की उचित व्यवस्था, छठ व्रतियों के स्नान के लिए स्नानागार, चेंजिंग रुम की व्यवस्था, सुरक्षा के लिए घाटों पर महिला पुलिस बलों की तैनाती की आवश्यकता होगी। छठ पर्व लोक आस्था एवं स्वच्छता का प्रतीक माना जाता है। अगर प्रशासन के द्वारा समय रहते घाटों को स्वच्छ और सुरक्षित नहीं बनाया गया तो इस बार छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की परेशानी व जोखिम दोनों बढ़ सकते हैं। प्रशासन को तत्काल सफाई अभियान चला कर घाट की मरम्मत और सुविधाओं की बहाली सुनिश्चित करनी चाहिए।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




