
जेपीएससी के सफल अभ्यर्थियों को किया गया सम्मानित
गढ़वा में बीएनटी संत मैरी स्कूल के संस्थापक स्वर्गीय बैजनाथ तिवारी की 23 वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर जेपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2023 में चयनित आठ अभ्यर्थियों को सम्मानित...
गढ़वा, प्रतिनिधि। समाजसेवी सह बीएनटी संत मैरी स्कूल के संस्थापक स्वर्गीय बैजनाथ तिवारी की 23 वीं पुण्यतिथि पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। मौके पर जेपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2023 में चयनित सभी आठ अभ्यर्थियों को सम्मानित किया गया। स्कूल के निदेशक उमाकांत तिवारी विगत 22 वर्षों से अपने समाजसेवी पिता के पद चिन्हों पर चलते हुए उनके पुण्यतिथि पर समाज के प्रबुद्ध नागरिकों व गढ़वा जिला पब्लिक स्कूल एसोसिएशन के सदस्यों के बीच कार्यक्रम आयोजित करते आ रहे हैं। बतौर गढ़वा जिला पब्लिक स्कूल एसोसिएशन के अध्यक्ष उमाकांत ने अबकी साल पिता की पुण्यतिथि के अवसर पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि व श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए जेपीएससी सिविल सेवा परीक्षा के गढ़वा जिला से चयनित अभ्यर्थियों का सम्मान समारोह आयोजित किया।
उक्त परीक्षा में कुल 342 उम्मीदवार सफल हुए हैं। उनमें गढ़वा से कुल आठ चयनित अभ्यर्थी नीतीश कुमार दुबे, सत्यम गर्ग, अर्चना तिवारी, सुधांशु रंजन, तेजस्वी जायसवाल, पंकज कुमार यादव, साकेत तिवारी, आकाश कुमार को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। तिवारी रेस्ट हाउस स्थित उनके प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। उक्त अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों के द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई। विद्यालय के विद्यार्थियों के द्वारा समाज सेवी स्वर्गीय बैजनाथ तिवारी के संपूर्ण जीवन यात्रा को भी बीएनटी संत मैरी स्कूल के दशम वर्ग की छात्रा संध्या सुमन, लक्ष्मी तिवारी, नव्या व नैंसी ने बहुत ही रोचक रूप से प्रस्तुत की। कार्यक्रम में एसडीएम संजय कुमार भी मुख्य रूप से उपस्थित थे। उन्हें जिला में कुशल प्रशासनिक नेतृत्व व बेहतर सामाजिक दायित्व का निर्वहन करने के लिए उमाकांत की ओर से प्रशस्ति चिन्ह देकर सम्मानित किया। वहीं एसडीम ने जेपीएससी सिविल सेवा परीक्षा के चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए सफलता पर शुभुकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि आपकी यह सफलता समाज के अंतिम पायदान पर उपस्थित व्यक्तियों तक लाभ पहुंचाने में ही निहित है। सभी अभ्यर्थियों को बुके व प्रशस्ति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन स्कूल के प्राचार्य अमित कुमार तिवारी ने धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। संचालन शिक्षिका रूपम दुबे ने किया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




