आकलन परीक्षा पास करने के बाद सहायक अध्यापकों का नहीं बढ़ा मानदेय
सरकारी विद्यालयों में कार्यरत सहायक अध्यापकों ने अपने मानदेय में 10 प्रतिशत वृद्धि की मांग की है। 2024 में आयोजित परीक्षा उत्तीर्ण करने के बावजूद मानदेय नहीं बढ़ाने से अध्यापकों में नाराजगी है। उन्होंने प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी से कई बार शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

केतार, प्रतिनिधि। सरकारी विद्यालयों में अल्प मानदेय पर कार्य कर रहे सहायक अध्यापकों के वेतन में प्रति वर्ष दस प्रतिशत बढ़ोतरी करने के लिए राज्य सरकार द्वारा वर्ष 2024 में आयोजित आकलन की परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले लगभग दो दर्जन से अधिक शिक्षकों का मानदेय नहीं बढ़ा। परीक्षा उत्तीर्ण करने के दो वर्ष से अधिक समय गुजरने के बाद भी मानदेय नहीं बढ़ाए जाने से सहायक अध्यापकों में विभाग के प्रति गहरी नाराजगी है। सहायक अध्यापकों ने आरोप लगाया कि जिला के सभी प्रखंडों में कार्यरत सहायक अध्यापकों का मानदेय बढ़ाने के लिए प्रखंड स्तरीय प्रशासनिक सह अनुशासनिक प्राधिकार की बैठक कर उनके मानदेय बढ़ा दिए गए लेकिन यहां के पदाधिकारी और कर्मी मौन साधे बैठे हैं।
सहायक अध्यापकों ने बताया कि परीक्षा उत्तीर्ण किए दो वर्ष से अधिक समय हो गए लेकिन विभाग की उदासीनता के कारण उनके मानदेय में बढ़ोतरी नहीं हुई। सहायक अध्यापकों ने बताया कि उनलोगों के द्वारा प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी से कई बार मानदेय में वृद्धि करने की मांग की गई लेकिन उनकी मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। सहायक अध्यापकों देवेंद्र कुमार सिंह, ब्रजेश कुमार सिंह, राम प्रवेश गुप्ता, रणजीत सिंह, प्रेम यादव, उदय यादव सहित अन्य अध्यापकों ने उनके मानदेय में दस प्रतिशत वृद्धि कराने की मांग की है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


