
शैक्षणिक भ्रमण में विद्यार्थियों ने समझा थाना की कार्यशैली और काम का तरीका
बिरला ओपन माइंड्स इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने नगर ऊंटारी थाना का भ्रमण किया। उन्होंने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली, नागरिक सुरक्षा, और अपराध नियंत्रण की जानकारी प्राप्त की। इस अनुभव से विद्यार्थियों में कानून के प्रति सम्मान और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित हुई। प्रधानाचार्य ने व्यावहारिक अनुभव के महत्व पर बल दिया।
श्री बंशीधर नगर, प्रतिनिधि। बिरला ओपन माइंड्स इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने सोमवार को शैक्षणिक भ्रमण के अंतर्गत नगर ऊंटारी थाना का भ्रमण किया। उक्त अवसर पर विद्यार्थियों ने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली, कानून-व्यवस्था, नागरिक सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और जनसेवा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की प्रत्यक्ष जानकारी प्राप्त की। पुलिस अधिकारियों द्वारा विद्यार्थियों को थाना की दैनिक कार्यशैली, प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया, साइबर अपराध, यातायात नियमों व अनुशासन के महत्व के बारे में सरल और प्रभावशाली ढंग से अवगत कराया गया। उस दौरान विद्यार्थियों में कानून के प्रति सम्मान, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित हुई। शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान से आगे बढ़कर व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना था।

प्रधानाचार्य रविश प्रजापति ने भ्रमण की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि बिरला ओपन माइंड्स इंटरनेशनल स्कूल श्री बंशीधर नगर में सीखने के लिए देखो और करो के सिद्धांत पर विशेष जोर देता है। पुलिस स्टेशन का यह भ्रमण विद्यार्थियों को कानून के विभिन्न पहलुओं से परिचित कराया और उन्हें कानून के रखवालों के साथ सहज होने में मदद करेगा। उससे विद्यार्थियों में कानून के प्रति समझ और आदर बढ़ेगा जो उनके भविष्य के लिए अत्यंत लाभकारी होगा। निदेशक मनीष सिंह ने आश्वस्त किया कि इस प्रकार की गतिविधियों का आयोजन नियमित रूप से किया जाता रहेगा। उससे विद्यार्थियों को और भी अधिक लाभ हो सकेगा। पुलिस विभाग की ओर से नगर ऊंटारी थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार यादव और उनकी टीम ने विद्यार्थियों के प्रश्नों और जिज्ञासाओं का धैर्यपूर्वक उत्तर दिया। मौके पर उप निरीक्षक अमित प्रशांत, और अनुज कुमार सिंह भी थाना प्रभारी के साथ उपस्थित रहे। मौके पा शिक्षक रवि शंकर, राज कुमार, गार्गी जायसवाल, रूबी घोषाल, अनामिका प्रजापति, प्राची, अलका, नीतू सिंह एवं भावना ओझा सहित अन्य मौजूद थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




