गढ़वा में होटल व्यवसाय पर होगी प्रशासन की सख्ती : एसडीएम
जिम्मेदारी के भाव से करें होटल व्यवसाय, अनैतिक गतिविधियों पर कठोर दंड तय

गढ़वा, प्रतिनिधि। अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार नेतृत्व में शहर के विभिन्न होटलों में हाल ही में की गई औचक छापेमारी के दौरान जो तस्वीर सामने आई उसके बाद प्रशासनिक दृष्टिकोण से अब आगे इस व्यवसाय पर सख्ती की जा रही है। उसी क्रम में एसडीएम ने बताया कि सभी होटल और लॉज संचालकों के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे हैं। उन्होंने दो टूक कहा है कि होटल और लॉज में अनैतिक गतिविधियों पर प्रशासन सख्ती से कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि होटल व्यवसाय बहुत ही जिम्मेदारी भरा कार्य है व्यवसाईयों की थोड़ी सी लापरवाही या लालच कभी भी विधि व्यवस्था के लिए बड़ा खतरा हो सकता है।
इसलिए उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश जारी किया है कि वह नियमित तौर से इन होटल के प्रवेश रजिस्टरों के रिकॉर्ड एवं भौतिक रूप से मौजूद लोगों का औचक सत्यापन और मिलान करते रहें। नियमानुसार प्रत्येक ठहरने वाले आगंतुक का वैध पहचान पत्र लेना एवं उसका पूरा विवरण गेस्ट रजिस्टर में दर्ज करना अनिवार्य है तथा किसी भी प्रकार की फर्जी या अपूर्ण जानकारी स्वीकार नहीं की जाएगी। होटल परिसर के प्रवेश/निकास, रिसेप्शन एवं कॉरिडोर में सीसीटीवी कैमरे लगाना और न्यूनतम 30 दिनों का फुटेज सुरक्षित रखना भी अनिवार्य कर दिया गया है। उसे मांगने पर प्रशासन एवं पुलिस को उपलब्ध कराना होगा। यह भी निर्देश दिया जा रहा है कि सभी होटल कर्मियों का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराया जाए। बिना सत्यापन के किसी भी कर्मचारी को कार्य पर रखना दंडनीय होगा। होटल संचालकों को यह भी हिदायत दी गई है कि यदि किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि जैसे कम अवधि के लिए बार-बार कमरा लेना, बिना सामान के आना-जाना या एक ही कमरे में अलग-अलग व्यक्तियों का आवागमन देखा जाता है, तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित थाना को देना अनिवार्य होगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


