Garhwa News: 50 युवाओं को मिला रोजगार का अवसर, सफल प्रशिक्षणार्थियों को वितरित किए गए प्रमाण-पत्र
Garhwa News: 50 युवाओं को मिला रोजगार का ऑफर लेटर विश्व युवा कौशल दिवस पर

Garhwa News: रमना, प्रतिनिधि। विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री सारथी योजना के अंतर्गत संचालित यूनिवर्सल आइडियल सेवा समिति रमना की ओर से विशेष प्लेसमेंट ड्राइव एवं प्रमाण-पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को कौशल विकास के माध्यम से रोजगार से जोड़ना, उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना तथा उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप दक्ष मानव संसाधन तैयार करना था। विशेष प्लेसमेंट ड्राइव में जिले के 105 अभ्यर्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। चयन प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत 50 अभ्यर्थियों को विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों में रोजगार के लिए ऑफर लेटर प्रदान किए गए। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रखंड प्रमुख करुणा सोनी ने प्रखंड ने युवाओं को संबोधित करते हुए विश्व युवा कौशल दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में कौशल विकास ही युवाओं को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों को ऑफर लेटर एवं सफल प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं。
परियोजना सहायक विकास तिवारी की जानकारी
इस अवसर पर परियोजना सहायक विकास तिवारी ने माइग्रेशन सपोर्ट सेंटर की भूमिका एवं सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह केंद्र बाहर रोजगार के लिए जाने वाले युवाओं को आवश्यक मार्गदर्शन, सहायता एवं सुरक्षा संबंधी सुविधाएँ उपलब्ध कराता है, जिससे वे आत्मविश्वास के साथ अपने करियर की शुरुआत कर सकें। वहीं प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र देकर उनके समर्पण एवं उपलब्धियों की सराहना की गई।
प्रतिष्ठित नियोजकों की सहभागिता
प्लेसमेंट ड्राइव में दो प्रतिष्ठित नियोजकों ने सहभागिता की। एटीपीएल द्वारा फैशन डिजाइनिंग ट्रेड के अभ्यर्थियों का चयन किया गया, जबकि फैसिलिटी इंडिया मैक्सप्रो सर्विस ने जनरल ड्यूटी असिस्टेंट ट्रेड के प्रशिक्षित युवाओं का चयन किया। इस पहल के माध्यम से स्थानीय युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। कार्यक्रम में यूआईएसएस के प्लेसमेंट एग्जीक्यूटिव गोपाल कुमार, सेंटर मैनेजर दीपक, स्टाफ सदस्य लक्ष्मी, तमन्ना, प्रीति, सुनैना तथा रमना से राजाराम जी सहित अन्य गणमान्य अतिथि एवं प्रशिक्षु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना तथा कौशल विकास एवं रोजगार सृजन के प्रति सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।


