कलशयात्रा के साथ शुरू हुआ नौ दिवसीय शतचंडी महायज्ञ

Mar 08, 2026 05:48 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गढ़वा
share

फोटो धुरकी एक: शतचंडी महायज्ञ को लेकर आयोजित कलश यात्रा में शामिल श्रद्धालु धुरकी,

कलशयात्रा के साथ शुरू हुआ नौ दिवसीय शतचंडी महायज्ञ

धुरकी, प्रतिनिधि। प्रखंड अंतर्गत मिरचइया गांव में आयोजित 9 दिवसीय शतचंडी महायज्ञ की शुरुआत रविवार को भव्य कलश यात्रा के साथ की गई। उक्त अवसर पर क्षेत्र के पनघटवा डैम से अभिमंत्रित जल भरकर श्रद्धालु वापस यज्ञ स्थल पर पहुंच कलश स्थापित किया। धार्मिक आस्था और भक्ति के माहौल के बीच निकली कलश यात्रा में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। पूरा क्षेत्र जयकारों और भक्ति गीतों से गूंज उठा। कलश यात्रा की शुरुआत पनघटवा डैम से विधिवत पूजा-अर्चना के साथ की गई। अयोध्या निवासी आचार्य बीरेंद्र शास्त्री के नेतृत्व में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने कलश में पवित्र जल भरा।

उसके बाद श्रद्धालु कलश लेकर भक्ति भाव से निर्धारित मार्गों से होते हुए यज्ञ स्थल तक पहुंचे। रास्ते भर श्रद्धालु माता के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। उक्त धार्मिक आयोजन में स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की भी सक्रिय भागीदारी रही। कलश यात्रा में प्रखंड के बीडीओ सह सीओ विमल कुमार सिंह, थाना प्रभारी जनार्दन राउत, विधायक प्रतिनिधि लक्ष्मण प्रसाद यादव, आनंद गिरी, अखिलेश यादव, धीरेंद्र यादव समेत कई गणमान्य लोग शामिल हुए। महायज्ञ कमिटी के अध्यक्ष राजेंद्र यादव ने बताया कि 9 दिवसीय शतचंडी महायज्ञ पूरे क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और कल्याण के लिए आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महायज्ञ के दौरान प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, रासलीला, हवन-पूजन और प्रवचन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेंगे। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से इस महायज्ञ में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील भी की। महायज्ञ के मुख्य यजमान श्याम लाल साह, कमलेश साह और रंजीत गिरी हैं। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि महायज्ञ के दौरान दूर-दूर से संत-महात्मा और श्रद्धालु यहां पहुंचेंगे। साथ ही प्रतिदिन भंडारा और प्रसाद वितरण की भी व्यवस्था की गई है ताकि आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। कलश यात्रा के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा। थाना प्रभारी जनार्दन राउत के नेतृत्व में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। उससे यात्रा शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई । कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।