
उपस्थिति नियम में राहत, सभी के फॉर्म भरे जाएं
स्थानीय राजकीय कृत जमा दो उच्च विद्यालय में शुक्रवार को विद्यालय प्रबंधन समिति की एक बैठक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष ओम प्रकाश आर
भवनाथपुर, प्रतिनिधि। स्थानीय राजकीय कृत प्लस टू स्कूल में शुक्रवार को विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष ओम प्रकाश आर्य ने की। अध्यक्ष ने बताया कि सरकार द्वारा 75 प्रतिशत उपस्थिति की गाइडलाइन जारी की गई है, लेकिन ग्रामीण परिवेश की चुनौतियों के कारण बड़ी संख्या में छात्र इस मानक को पूरा नहीं कर पा रहे हैं। खेत-घर के कार्य, पारिवारिक जिम्मेदारियां, परिवहन की कमी और अन्य कठिन परिस्थितियां विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति पर असर डालती हैं। उक्त समस्याओं को ध्यान में रखते हुए उन्होंने प्रस्ताव रखा कि कक्षा 10वीं और 12वीं के सभी विद्यार्थियों का परीक्षा फॉर्म बिना किसी बाधा के भरा जाना चाहिए, ताकि कोई भी छात्र परीक्षा से वंचित न हो और उनके भविष्य पर कोई नकारात्मक असर न पड़े।

इस प्रस्ताव का उपस्थित सभी सदस्यों और शिक्षकों ने सर्वसम्मति से समर्थन किया। बैठक में यह भी उल्लेख किया गया कि कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा का केंद्र प्रायः नगर ऊंटारी बनाया जाता है। वहां तक पहुंचने में विद्यार्थियों को गंभीर परिवहन समस्याओं का सामना करना पड़ता है। आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। साधन उपलब्ध न होने से कई विद्यार्थियों की परीक्षाएं भी छूट जाती हैं। उक्त स्थिति के समाधान के लिए समिति ने निर्णय लिया कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों के माध्यम से जिला शिक्षा पदाधिकारी को परीक्षा केंद्र बदलने के लिए लिखित अनुरोध भेजा जाएगा। समिति ने आशा व्यक्त की कि इस वर्ष 12वीं की परीक्षा का केंद्र विद्यालय से 4-5 किलोमीटर के दायरे में ही निर्धारित किया जाए ताकि विद्यार्थियों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। बैठक में प्रबंधन समिति के सदस्य बैजू शाह, सचिव दिलीप कुमार उपाध्याय, मो. मोकारिम, रोहित कुमार सिंह, तेरेसा बखला, अनामिका हैरेंज, रामु कुमार सहित कई शिक्षक-शिक्षिकाएं व अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




