Garhwa News: जयंती पर याद किए गये पूर्व राष्ट्रपति डॉ. कलाम, दी श्रद्धांजलि
Garhwa News: मझिआंव में पूर्व राष्ट्रपति डॉ. कलाम को दी गई श्रद्धांजलि चित्रकला, भाषण और क्विज प्रतियोगिताओं

Garhwa News: मझिआंव, प्रतिनिधि। आरके पब्लिक स्कूल, ऊंचरी में गुरुवार को भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती मनाई गई। विशेष प्रार्थना सभा में विद्यालय के प्राचार्य केआर झा, शिक्षकों और छात्र परिषद के पदाधिकारियों ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए चित्रकला, भाषण और क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्राचार्य केआर झा ने डॉ. कलाम के प्रेरणादायक जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि साधारण परिवार से निकलकर देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुंचने वाले डॉ. कलाम का जीवन संघर्ष, मेहनत और समर्पण की मिसाल है। बच्चों और युवाओं के प्रति उनके विशेष लगाव तथा प्रेरणादायक विचारों के कारण वे आज भी लाखों विद्यार्थियों के आदर्श हैं।
उन्हें जनता के राष्ट्रपति और मिसाइल मैन के नाम से भी जाना जाता है।उन्होंने विद्यार्थियों को डॉ. कलाम के जीवन से प्रेरणा लेकर बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने के लिए निरंतर मेहनत करने की सीख दी। साथ ही उनके प्रसिद्ध विचारों का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों और शिक्षकों से उनकी पुस्तकों विंग्स ऑफ फायर, इंडिया 2020 और इग्नाइटेड माइंड्स का अध्ययन करने का आग्रह किया। उक्त अवसर पर आरके ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन अलखनाथ पांडेय ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय की ओर से आयोजित गतिविधियों की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों को डॉ. कलाम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने और देश के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी विद्यार्थी और शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे।

