
एक ही जमीन को दो बार बेचने के मामले में पीड़ित ने विधायक आवास पर दिया धरना
गढ़वा के तिलदाग गांव के सेवानिवृत पारा शिक्षक मो. हनीफ शेख ने विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी के आवास पर धरना दिया। उन्होंने अपनी खरीदी भूमि को हड़पने के प्रयास के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने बताया...
गढ़वा, प्रतिनिधि। सदर प्रखंड के तिलदाग गांव निवासी सेवानिवृत पारा शिक्षक मो. हनीफ शेख ने बेलहारा गांव में अपनी खरीदी भूमि को हड़पने का प्रयास करने के विरोध में विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी के आवास पर धरना दिया। वह अपनी भूमि का दस्तावेज के साथ धरना पर बैठे थे। उस दौरान हाथ में तख्ती लेकर उनके साथ जालसाजी करने वाले बेलहारा गांव निवासी अजय कुमार तिवारी, कांति तिवारी और चैनपुर थाना क्षेत्र के महुगांवा गांव निवासी परीक्षित पांडेय पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। धरना पर बैठे मो. हनीफ ने बताया कि बेलहारा निवासी स्व. रविंद्र तिवारी की पत्नी कांति तिवारी से वर्ष 2010 में अपनी पत्नी सैरून निशा और बेटा सरफरज नवाज अंसारी के नाम से दो अगल-अलग केवाला के माध्यम से दो एकड़ 43 डिसमिल जमीन खरीदी थी।

उसका डिमांड बेलहारा के मांग पंजी टू में अभी भी चल रहा है। उन्होंने बताया कि खरीदी गई भूमि पर वह शांतिपूर्वक तरीका से खेती भी करते हैं। वर्तमान में उक्त भूमि में धान की फसल भी लगी हुई है। उन्होंने बताया कि उक्त भूमि को कांति तिवारी से क्रय करते समय एग्रीमेंट पेपर पर अजय कुमार तिवारी और परीक्षित पांडेय दोनों गवाह के रूप में हस्ताक्षर करके जमीन का बिक्री कराए हैं। मो. हनीफ ने बताया कि उक्त भूमि को अजय कुमार तिवारी ने तत्कालीन सीओ, सीआई, राजस्व कर्मचारी और अमीन के सहयोग से जाली एलपीसी के आधार पर कांति तिवारी और परीक्षित पांडेय दोनों के सहयोग से गवाह के रूप में केवाला पर हस्ताक्षर कर कितासोती खूर्द गांव निवासी कुलेंद्र प्रजापति की पत्नी दिलवा देवी के नाम से जमीन का बिक्री कर दिया। उन्होंने कहा कि जालसाजी करके एक ही जमीन को दो बार बेचने में संलिप्त जमीन मालिक, गवाह और गलत तरीका से एलपीसी बनाने वाले सीओ, सीआई, कर्मचारी और अमीन पर कार्रवाई के लिए राज्यपाल, मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, डीसी, एसडीओ सहित अन्य अधिकारियों को कई बार आवेदन दिया लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नही किया जा रहा है। बाध्य होकर वह विधायक आवास पर धरना पर बैठे हुए है। उन्होंने कहा कि वह विधायक आवास पर अनिश्चतकालीन धरना पर बैठे थे लेकिन गढ़वा थाना के पुलिस अधिकारियों ने कार्रवाई का भरोसा दिलाकर धरना को समाप्त कराया है। उन्होंने कहा कि एक ही जमीन को दो-दो बार बेचने के मामले में अगर एक सप्ताह के अंदर दोषियों पर कार्रवाई नहीं किया जाता है तो वह फिर से अनिश्चतकालीन धरना पर बैठने के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि इस मामले में वह अदालत में भी दोषियों के विरूध केस दर्ज कराए हैं। हनीफ ने गढ़वा विधायक से भी न्याय की गुहार लगाई है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


