Garhwa News: बारिश के कारण जर्जर हुई सड़क, पैदल चलना भी हुआ मुश्किल
Garhwa News: फोटो भवनाथपुर एक: अरसली उत्तरी पंचायत के छठ घाट से लेकर गड़ले टोला तक की जर्जर सड़क प्रखंड अंतर्गत अरसली उत्तरी पंचायत के छठ घाट से लेकर गड़ले टोला तक ज

Garhwa News: भवनाथपुर, प्रतिनिधि। प्रखंड अंतर्गत अरसली उत्तरी पंचायत के छठ घाट से लेकर गड़ले टोला तक जाने वाली सड़क बारिश के कारण जर्जर और उबड़ खाबड़ में तब्दील हो गई। सड़क की बदहाल स्थिति के कारण करीब 100 घरों के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दिनों में सड़क पर जलजमाव और कीचड़ होने से पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। ऐसे में लोगों का आवागमन बाधित हो रहा है और छोटे-बड़े वाहन भी इस मार्ग से गुजरने में परेशानी महसूस करते हैं। ग्रामीण चंदन विश्वकर्मा, सीता बियार, तरालाल श्रीवास्तव, अभिमन्यु पासवान, मंटू पासवान, विजय पासवान, सुनील सिंह, सिंटू पासवान, शिव कुमार ने बताया कि सड़क निर्माण की मांग को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों से गुहार लगाई गई, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई।
उनका कहना है कि हर बारिश में सड़क की स्थिति और अधिक खराब हो जाती है। उससे ग्रामीणों का घर से निकलना तक मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों ने बताया कि जब छठ पूजा आता है तो ग्रामीण श्रमदान से सड़क बनाते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को होती है, जिन्हें प्रतिदिन इसी कीचड़युक्त रास्ते से होकर विद्यालय जाना पड़ता है। वहीं बीमार मरीजों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को अस्पताल ले जाने में भी काफी कठिनाई होती है। आपातकालीन स्थिति में वाहन सड़क तक नहीं पहुंच पाते, जिससे जोखिम और बढ़ जाता है। ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से अविलंब सड़क निर्माण कराने की मांग करते हुए कहा कि यह मार्ग गांव के लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। अगर जल्द सड़क का निर्माण नहीं कराया गया तो बरसात के दौरान समस्याएं और बढ़ जाएंगी।


