प्रतिक्षारत 2.22 लाख पीएम आवास मुहैया कराई जाएगी : सांसद
सांसद विष्णुदयाल राम ने कहा कि झारखंड में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 2 लाख 22 हजार 69 लाभार्थियों को आवास मिलेगा। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस संबंध में आश्वासन दिया। सांसद ने मोदी और...

गढ़वा, प्रतिनिधि। सांसद विष्णुदयाल राम ने कहा कि पलामू संसदीय क्षेत्र सहित झारखंडवासियों के लिए खुशखबरी है। झारखंड में आवास प्लस 2018 की प्रतीक्षारत दो लाख 22 हजार 69 लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत आवास मुहैया करायी जाएगी। सांसद ने उक्त संबंध में पत्रांक 633/डीटीओ, दिनांक 17 जुलाई 2025 को केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखकर व व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर झारखंड राज्य में आवास प्लस 2018 की प्रतीक्षारत लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना देने की मांग की थी। सांसद ने कहा कि केंद्रीय मंत्री ने उक्त पत्र के आलोक में तीन अगस्त 2025 को पत्र भेजकर कहा है कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत झारखंड राज्य में आवास प्लस 2018 के प्रतीक्षारत 2 लाख 22 हजार 69 लाभार्थियों को आवास आवंटन का लक्ष्य रखा गया है।
उक्त आवंटन से झारखंड राज्य सहित पलामू संसदीय क्षेत्र के दोनों जिले गढ़वा व पलामू में आवास प्लस के तहत प्रतीक्षारत सभी को प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण का लाभ मिलेगा। उसके लिए सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रति पलामू संसदीय क्षेत्र सहित झारखंड की समस्त जनता की ओर से बधाई व आभार व्यक्त किया है। यह जानकारी सांसद के निजी सचिव अलख दुबे ने दी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




