Garhwa News: सोन नदी का बढ़ा जलस्तर, नदी से दूर रहने की अपील
Garhwa News: फोटो खरौंधी एक: सोनतटीय क्षेत्र का निरीक्षण करते थाना प्रभारी गुलशन कुमार गौतम खरौंधी, प्रतिनिधि।

Garhwa News: खरौंधी, प्रतिनिधि। सोन नदी के बढ़ते जलस्तर और संभावित खतरे को देखते हुए खरौंधी पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। बुधवार को खरौंधी थाना प्रभारी गुलशन कुमार गौतम ने पुलिस टीम के साथ सोन नदी से सटे विभिन्न संवेदनशील इलाकों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस की अपील
उन्होंने खोखा, चंदना, पिपरा, रजखड़ सहित सोनतटीय इलाके में पहुंचकर नदी के जलस्तर और आसपास की स्थिति की जानकारी ली। दौरे के दौरान थाना प्रभारी ने स्थानीय ग्रामीणों को सोन नदी के बढ़ते जलस्तर और संभावित खतरे के प्रति जागरूक किया। उन्होंने लोगों से नदी के किनारे जाने और जलधारा में प्रवेश नहीं करने की अपील की। विशेष रूप से अभिभावकों से अपने बच्चों को नदी के आसपास नहीं जाने देने की सलाह दी गई। थाना प्रभारी ने कहा कि सोन नदी का जलस्तर बढ़ने की स्थिति में थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर खतरे का कारण बन सकती है।
जागरूकता और निगरानी
इसलिए ग्रामीण किसी भी परिस्थिति में नदी की तेज धारा के करीब न जाएं और बच्चों पर विशेष निगरानी रखें। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि नदी के जलस्तर में अचानक वृद्धि अथवा किसी भी आपात स्थिति की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें। पुलिस टीम ने नदी किनारे के संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण करते हुए स्थानीय लोगों से बातचीत भी की। ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर रहने तथा किसी भी तरह का जोखिम नहीं उठाने की सलाह दी गई। पुलिस ने कहा कि सोन नदी के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
सुरक्षा को लेकर जागरूकता
थाना प्रभारी ने ग्रामीणों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोगों की सुरक्षा को लेकर पुलिस पूरी तरह सजग है और नदी किनारे वाले क्षेत्रों में निगरानी जारी रहेगी। पुलिस के इस जागरूकता अभियान से नदी किनारे बसे ग्रामीणों में भी संभावित खतरे को लेकर सतर्कता बढ़ी है। ग्रामीणों ने पुलिस द्वारा किए गए निरीक्षण और जागरूकता अभियान की सराहना की।


