सब्जी दुकानदार दीपक हत्याकांड का खुलासा, तीन गिरफ्तार
भंडरिया थाना के फकीराडीह निवासी सब्जी दुकानदार दीपक चौधरी की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है। 30 वर्षीय दीपक की 25 फरवरी को गोली मारकर हत्या की गई थी। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद किया है। हत्या का कारण जमीन विवाद बताया गया है।

रंका, प्रतिनिधि। जिलांतर्गत भंडरिया थाना के फकीराडीह निवासी सब्जी दुकानदार 30 वर्षीय दीपक चौधरी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया है। हत्याकांड में शामिल होने के आरोप में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त भरठुआ बंदुक, कारतूस सहित अन्य सामान बरामद किया गया है। यह जानकारी रविवार को प्रेसवार्ता कर डीएसपी रोहित रंजन सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि भंडरिया थाना के बिजका साप्ताहिक बाजार में 25 फरवरी की शाम सब्जी दुकानदार दीपक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के भाई राकेश चौधरी के बयान के आधार पर स्थानीय थाना में केस दर्ज किया गया था।
घटना के उद्भेदन के लिए एसपी अमन कुमार ने एक टीम गठित की थी। टीम का नेतृत्व डीएसपी कर रहे थे। अनुसंधान के क्रम में ही कांड में संलिप्त बिंदा गांव निवासी 35 वर्षीय जेठू सिंह और 38 वर्षीय विजय सिंह के अलावा फकीराडीह निवासी 33 वर्षीय बजरंगी चौधरी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उन्होंने कांड में संलिप्तता स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर कांड में प्रयुक्त हथियार को भी बरामद कर लिया गया। उन्होंने बताया कि अनुसंधान के क्रम में यह बात सामने आई कि मृतक और अन्य अभियुक्त फकीराडीह निवासी सूर्यदेव चौधरी के बीच जमीन विवाद है। उनके बीच का मामला न्यायालय में विचारधीन है। मृतक और कांड के नामजद अभियुक्त सूर्यदेव के बीच दो साल पहले जमीन विवाद को लेकर मारपीट भी हुई थी। आरोपी सूर्यदेव मृतक के गोतिया से करीब पांच एकड़ जमीन बिना बंटवारा के ही खरीद ली थी। मृतक और उसके परिजन अपने हिस्से की जमीन की मांग हमेशा कर रहे थे। उक्त जमीन पर हमेशा दावा भी करते थे। उसके बाद उक्त जमीन पर कब्जा करने के लिए दीपक को रास्ते से हटाने के लिए एक लाख रुपये में उसे मारने की सुपारी दी। उसके बाद गिरफ्तार आरोपियों ने मिलकर बिजका बाजार सब्जी बेचने गए दीपक को गोली मार दी। उससे पहले उसकी रेकी की गई थी। बाजार समाप्त होने के बाद सामान समेटने के दौरान ही अपराधियों ने मौका देखकर दीपक को गोली मार दी। उसकी हत्या के बाद सूर्यदेव ने आरोपी विजय को 20 हजार रुपए ऑनलाइन भी दिए। छापेमारी दल में डीएसपी के अलावा पुलिस उपाधीक्षक चिरंजीवी मंडल, इंस्पेक्टर सह भंडरिया थाना प्रभारी सुभाष कुमार पासवान, दिलीप कुमार सिंह, किशोर कुमार, संतु सिंह सहित अन्य शस्र बल के जवान शामिल थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


