भव्य जुलूस और झांकियों के साथ गढ़वा में धूमधाम से संपन्न हुआ रामनवमी, शहर बना आस्था का केंद्र
गढ़वा में रामनवमी का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। विभिन्न अखाड़ों ने भव्य जुलूस और झांकियां निकालीं। विधायक ने रामनवमी के आयोजन की प्रशंसा की और श्रद्धालुओं ने पारंपरिक वेशभूषा में करतब दिखाए। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में दक्षिण भारत के कलाकारों ने भक्ति गीतों और नृत्य प्रस्तुत किए।

गढ़वा, प्रतिनिधि। गढ़वा जिला मुख्यालय सहित विभिन्न प्रखंडों में शुक्रवार देर रात तक आस्था, श्रद्धा और उत्साह के साथ रामनवमी का पर्व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। उक्त अवसर पर जिले के अलग-अलग अखाड़ों द्वारा भव्य जुलूस और आकर्षक झांकियां निकाली गईं। उसने पूरे शहर को भक्तिमय माहौल में रंग दिया। जगह-जगह श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी और भगवान श्रीराम के जयकारों से पूरा वातावरण गूंजता रहा।शहर के प्रमुख स्थल रंका मोड़ पर रामनवमी पूजा समिति जेनरल द्वारा आयोजित कार्यक्रम का भव्य उद्घाटन किया गया। उस दौरान विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी, एसपी अमन कुमार, समाजसेवी राकेश पाल, विकास कुमार माली, पूर्व सांसद घूरन राम ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
मौके पर विधायक ने कहा कि गढ़वा में अब बड़े शहरों की तर्ज पर रामनवमी का आयोजन होने लगा है। उन्होंने बताया कि इस परंपरा की शुरुआत रामनवमी पूजा समिति जेनरल द्वारा की गई थी जो आज एक भव्य रूप ले चुकी है। उन्होंने लोगों से भगवान श्रीराम के आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। उसी क्रम में शहर के गोविंद हाई स्कूल मैदान में श्री रामनवमी पूजा समिति संपूर्ण अखाड़ा की ओर से विभिन्न अखाड़ों का स्वागत किया गया। यहां पहुंचने वाले जुलूसों का भव्य स्वागत पुष्प वर्षा और जयकारों के साथ किया गया। श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में अस्त्र-शस्त्र के साथ करतब दिखाते नजर आए, जिससे कार्यक्रम की भव्यता और बढ़ गई।वहीं झंडा चौक पर श्री महावीर मंडल की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। उसमें दक्षिण भारत से आए कलाकारों ने भक्ति गीतों और नृत्य के माध्यम से लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग देर रात तक मौजूद रहे।उक्त अवसर पर मिथिलेश कुमार ठाकुर ने कहा कि रामनवमी पर्व के आयोजन को लेकर अपनी गढ़वा का अलग पहचान बना चुका है। पहले लोग हजारीबाग, रांची और जमशेदपुर जैसे शहरों में होने वाले आयोजनों के बारे में सुनते थे, लेकिन अब गढ़वा भी उसी स्तर पर पहुंच गया है। उन्होंने इसके लिए अखाड़ा समितियों और स्थानीय लोगों की मेहनत को सराहा। कार्यक्रम में रामनवमी पूजा समिति जेनरल के संस्थापक अध्यक्ष मुरली श्याम सोनी, अध्यक्ष कमल चौबे, भर्दुल पासवान, शैलेन्द्र तिवारी, राजकुमार मद्धेशिया, महावीर मंडल के अध्यक्ष कंचन कुमार साहू, नंद कुमार गुप्ता, दीपक तिवारी, अशोक पटवा, विजय केशरी, ज्योति प्रकाश केशरी सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष भी शामिल हुए।पूरे आयोजन के दौरान प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल की तैनाती के कारण कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


