नया साल पर शहर से लेकर सुदूरवर्ती पिकनिक स्पॉट पर जश्न का माहौल
गढ़वा में नए साल के जश्न के लिए सुरक्षा और विधि व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। उपायुक्त दिनेश यादव और एसपी अमन कुमार के निर्देश पर सभी पिकनिक स्थलों पर पुलिस और दंडाधिकारी तैनात किए गए हैं। लोग विभिन्न जलाशयों और जलप्रपातों पर पिकनिक मनाने के लिए पहुंचे हैं।

गढ़वा, हिटी। नया साल को लेकर जिला मुख्यालय से लेकर सुदूरवर्ती इलाकों में स्थित पर्यटन स्थलों में जश्न का माहौल रहा। साल के अंतिम दिन बुधवार को भी विभिन्न पर्यटन स्थलों पर लोग पिकनिक मनाने पहुंचे। उपायुक्त दिनेश यादव और एसपी अमन कुमार के निर्देश पर सभी पिकनिक स्पॉट में सुरक्षा और विधि व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सभी पर्यटन स्थलों पर दंडाधिकारियों के अलावा पुलिस पदाधिकारी और जवानों को प्रतिनियुक्त किया गया है। जिला मुख्यालय में मुख्य रूप से दो पार्क बिरसा मुंडा पार्क और नीलांबर पीतांबर पार्क में नये साल पर संभावित भीड़ को देखते हुए सख्त सुरक्षा व्यवस्था किया गया है।
सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में उक्त स्थलों पर लोग नये साल का जश्न मनाएंगे। कड़ाके की ठंड के बाद भी नए साल के जश्न को लेकर लोगों में मंगलवार को उत्साह का माहौल है। लोगों ने नए साल पर पिकनिक जाने से पहले खरीदारी की। उसे लेकर बाजार में भी चहल पहल रहा। उधर नए साल पर सभी पिकनिक स्थलों पर सुरक्षा का पुख्ता बंदोबस्त किया गया है। सुरक्षा को लेकर विभिन्न थाना क्षेत्रों में पिकनिक स्थलों का जायजा लिया गया। जिलांतर्गत करीब दो दर्जन से अधिक छोटे बड़े पिकनिक स्पॉट हैं जहां नए साल का जश्न मनाने लोग पहुंचते हैं। उनमें कांडी प्रखंड का सतबहिनी झरना, धुरकी प्रखंड का सुखलदरी जलप्रपात, चिनिया प्रखंड का गुरुसिंधु जलप्रपात, अन्नराज डैम, रंका प्रखंड का नक्षत्र वन, रमना प्रखंड के सिलिदाग स्थित चांदराज पहाड़ी, जिरुवा बांध व केतार प्रखंड का सूर्य नारायण वन शामिल हैं। उसके अलावा धार्मिक महत्व के स्थल भी हैं जहां नए साल की शुरूआत में लोग पूजा अर्चना के लिए भी जाते हैं। उनमें जिला मुख्यालय स्थित गढ़देवी मंदिर, नगर ऊंटारी स्थित श्रीबंशीधर मंदिर व राजा पहाड़ी मंदिर, केतार स्थित मां चतुर्भुजी मंदिर, सदर प्रखंड का खोन्हर नाथ मंदिर के अलावा अन्य मंदिर भी हैं जहां लोग पूजा अर्चना कर नए साल की शुरूआत करते हैं। उधर नए साल पर सभी पिकनिक स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पर्यटनस्थलों पर सुरक्षा और विधि व्यवस्था को लेकर डीसी दिनेश यादव ने सख्त निर्देश और एडवाइजरी जारी किए हैं। पिकनिक स्पॉट से संबंधित सभी प्रखंडों के अधिकारियों और थाना प्रभारियों को आवश्यक निर्देश जारी किया है। ::बॉक्स::नये साल पर सुरक्षा और विधि-व्यवस्था हुईं दुरूस्त नववर्ष के साथ मकर संक्रांति के अवसर पर जिला अंतर्गत विभिन्न प्रमुख पर्यटन, वनभोज और पिकनिक स्थलों पर पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों की भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा और विधि-व्यवस्था की तैयारियां सुनिश्चित की गई हैं। उक्त आशय का निर्देश और एडवाइजरी उपायुक्त ने जाारी किया है। पिकनिक स्पॉट पर संभावित भीड़ के मद्देनजर जिला प्रशासन की ओर से यह संज्ञान लिया गया है कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा इन स्थलों पर शराब और अन्य मादक पदार्थों का सेवन किया जाता है। उससे छेड़खानी, मारपीट और दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है। उसके लिए सुरक्षा व्यवस्था के लिए दंडाधिकारी और पुलिस बलों की तैनाती की गई है। ::बॉक्स::जलाशयों और जलप्रपातों पर रहेगी सख्त निगरानी:: जिलांतर्गत विभिन्न जलाशयों की गहराई की जानकारी के अभाव और अत्यधिक उत्साह के कारण स्नान के दौरान लोगों के डूबने की घटनाएं पूर्व में भी घटित हुई हैं। उक्त स्थलों पर संभावित जोखिमों को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को सतर्कता बरतने व निरंतर निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। उक्त स्थलों की सख्त निगरानी रखी जा रह है। दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की बैरिकेडिंग की गई है। साथ ही जिलांतर्गत सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी/अंचल अधिकारी और थाना प्रभारी को निर्देशित किया गया है कि सभी नववर्ष पर अपने-अपने प्रखंड अंतर्गत चिन्हित प्रमुख वनभोज और पिकनिक स्थलों पर अधीनस्थ कर्मियों के माध्यम से सतत निगरानी रखें। स्वयं भी स्थलों का निरीक्षण सुनिश्चित करें। अपने-अपने क्षेत्राधिकार में विधि-व्यवस्था के सुदृढ़ प्रबंधन के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, चौकीदार और स्थानीय गोताखोरों की तैनाती प्रमुख जलाशयों और नदी-घाटों के समीप सुनिश्चित की जाए। अनुमंडल पदाधिकारी, गढ़वा/श्री बंशीधर नगर/रंका अपने-अपने क्षेत्रों में विधि-व्यवस्था संधारण के लिए आवश्यक आदेश निर्गत करेंगे। साथ ही वरीय स्तर से सतत निगरानी रखेंगे। पुलिस अधीक्षक की ओर से पूर्व में की गई समीक्षा के अनुरूप जिले के सभी प्रमुख वनभोज स्थलों और जलाशयों के आसपास पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। ::बॉक्स::नशापान नहीं करने की अपील जिला प्रशासन की ओर से जनहित में अपील की गई है कि नये साल के उत्सव का आनंद जिम्मेदारी और संयम के साथ लें। मादक पदार्थों के सेवन से परहेज करें। जलाशयों में स्नान के दौरान अत्यधिक सावधानी बरतें। प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। किसी भी आपात स्थिति में निकटतम प्रशासनिक या पुलिस पदाधिकारी से तुरंत संपर्क करें।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


